लखनऊ मोहनलालगंज क्षेत्र के टिकरा कल्ली पूरब गांव में ग्राम प्रधान राम खेलावन के नेतृत्व में एक सराहनीय सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव के करीब 200 जरूरतमंद परिवारों को स्वच्छता एवं दैनिक उपयोग से जुड़ी सामग्री वितरित की गई। इस आयोजन में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और ग्राम प्रधान की इस पहल की जमकर सराहना की।कार्यक्रम में रोबिन सिंह, गुड़ी सिंह, अखिलेश, वीरेंद्र और उमेश सहित कई लोगों ने सहयोग किया। आयोजन के दौरान परिवारों को दिए गए विशेष बॉक्स में बच्चों और बड़ों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 20 से अधिक उपयोगी वस्तुएं रखी गई थीं। इनमें नोटबुक, पेन, पेंसिल, चप्पल, टी-शर्ट, जूते, शैम्पू, क्रीम, कंघी समेत अन्य स्वच्छता एवं शिक्षा से जुड़ी सामग्री शामिल रही।ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह की सामग्री गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी। खासकर बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला, क्योंकि उन्हें शिक्षा से संबंधित सामग्री भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान गांव का माहौल उत्साह और खुशी से भर गया।ग्राम प्रधान राम खेलावन ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गांव के लोगों के सामाजिक जीवन को बेहतर बनाना और उन्हें स्वच्छता व शिक्षा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि आगे भी गांव के विकास और लोगों की सहायता के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि हर जरूरतमंद परिवार तक मदद पहुंच सके।कार्यक्रम को ग्रामीणों ने समाज को सशक्त बनाने और जीवन के मूल्यों को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास बताया। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की पहल गांव में एक नई प्रेरणा पैदा करती है।
कल्ली पूरब में ग्राम प्रधान की पहल, दो सौ परिवारों को वितरित की गई स्वच्छता व उपयोगी सामग्री
Related Posts
Add A Comment

