लखनऊ पीजीआई क्षेत्र की वृंदावन आवास योजना स्थित महाराणा प्रताप चौक पर शनिवार को श्री राजपूत करणी सेना के तत्वावधान में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह दीपू की अगुवाई में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में करणी सेना पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए।कार्यक्रम की शुरुआत महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। आयोजन स्थल पर देशभक्ति और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला।मुख्य अतिथि अलंकार अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन संघर्ष, साहस और आत्मसम्मान की मिसाल है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाना चाहिए।इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह दीपू ने कहा कि महाराणा प्रताप का इतिहास समाज को एकजुट होकर अपने स्वाभिमान की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि करणी सेना समाजहित और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करती रहेगी तथा युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का कार्य किया जाएगा।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नीरज शुक्ला, जिला प्रभारी रवि ठाकुर राष्ट्रवादी, आयुष ठाकुर जिला सचिव, युवा जिला अध्यक्ष अमर सिंह, जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, मंडल अध्यक्ष संदीप सिंह, अजेंद्र सिंह, मंडल उपाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, हर्ष सिसोदिया, अनुपम सिंह, रुद्र प्रताप सिंह, भोला सिंह, सूरज सिंह, प्रदीप सिंह बाबा, प्रखर सिंह, जयपाल सिंह, शिवम प्रताप सिंह, देवांश शुक्ला, रघुनाथ सिंह, आशीष सिंह, मुरारी सिंह राठौड़, देवेंद्र सिंह, रिंकू शर्मा, अरविंद सिंह, दुर्गेश सिंह प्रदेश महामंत्री करणी सेना, रवि सिंह सहित बड़ी संख्या में करणी सैनिक एवं सम्मानित गण उपस्थित रहे।

