बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “मिशन शक्ति फेज-5.0” (द्वितीय चरण) अभियान के अंतर्गत मंगलवार को जनपद बलिया पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री संजय वर्मा एवं अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री दिनेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में संचालित किया गया।
जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीमों एवं महिला पुलिसकर्मियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों के ग्राम, कस्बों, मोहल्लों, शिक्षण संस्थानों, प्रमुख बाजारों, चौराहों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर चौपाल लगाकर महिलाओं व छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को वूमेन पावर लाइन-1090, पुलिस आपात सेवा-112, महिला हेल्पलाइन-181, साइबर हेल्पलाइन-1930 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए पंपलेट वितरित किए गए। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
मिशन शक्ति टीमों ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना एवं आयुष्मान भारत योजना सहित महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
बलिया पुलिस द्वारा बताया गया कि “मिशन शक्ति फेज-5.0” अभियान का उद्देश्य समाज में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना तथा जनसहभागिता को और अधिक मजबूत बनाना है।
Related Posts
Add A Comment

