गड़वार, बलिया। थाना गड़वार पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता के खाते में 50 हजार रुपये वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पिपरसण्डा निवासी अरुण कुमार ओझा पुत्र मंगला प्रसाद ओझा ने हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं थाना गड़वार में शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 जनवरी 2026 को उनके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से फर्जी तरीके से धोखाधड़ी कर धनराशि स्थानांतरित कर ली गई थी।
पुलिस अधीक्षक बलिया एवं अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी)/नोडल साइबर सेल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर एवं थानाध्यक्ष के नेतृत्व में थाना गड़वार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी की धनराशि को होल्ड कराया।
न्यायालय के आदेश के क्रम में बुधवार को 50 हजार रुपये शिकायतकर्ता के खाते में वापस करा दिए गए। धनराशि वापस मिलने पर शिकायतकर्ता ने बलिया पुलिस एवं थाना गड़वार पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अब्दुल हफीज (साइबर प्रभारी), हेड कांस्टेबल भीम कुमार, आरक्षी विवेक कुमार यादव तथा आरक्षी लवकुश गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Related Posts
Add A Comment

