वाराणसी। जिला कराटे संघ वाराणसी के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में जनपद के 8 ऑफिशियल ने कराटे खेल के काता एवं कुमिते वर्ग की राष्ट्रीय रेफरी एवं जज परीक्षा उत्कृष्ट अंकों के साथ सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की।
सफल अभ्यर्थियों में गोलू सोनकर, सौरभ केशरी, दिलीप चौरसिया, वैदिक सिंह, शशांक पाठक, प्रियांशु गिरी, मनीष बिंद एवं संतोष सोनकर शामिल रहे।
यह परीक्षा उत्तर प्रदेश कराटे एसोसिएशन के महासचिव क्योशी जसपाल सिंह के निर्देशन में आयोजित की गई। परीक्षा के मुख्य परीक्षक एवं वर्ल्ड कराटे फेडरेशन (WKF) के प्रतिष्ठित जज कुमार विजय ने सफल अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र एवं आधिकारिक बैज प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला कराटे संघ वाराणसी के महासचिव दिलीप कुमार सैनी उपस्थित रहे। संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने सभी सफल ऑफिशियल्स को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि वाराणसी में कराटे खेल के तकनीकी विकास और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का प्रमाण है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये सभी अधिकारी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निष्पक्ष और उच्चस्तरीय निर्णायक की भूमिका निभाकर वाराणसी एवं उत्तर प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगे।

