राष्ट्रीय पंचायती राज प्रधान संगठन के नेतृत्व में वाराणसी जनपद की आठों ब्लॉकों के 604 ग्राम प्रधानों ने पंचायतों के विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीण हितों को ध्यान में रखते हुए ग्राम प्रधानों के कार्यकाल में एक वर्ष की वृद्धि किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में संगठन की ओर से जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के माध्यम से शासन को ज्ञापन भेजा गया।संगठन के जिला अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि कोविड काल, प्रशासनिक प्रतिबंधों और विभिन्न परिस्थितियों के चलते ग्राम पंचायतों के कई विकास कार्य प्रभावित हुए। इसके बावजूद ग्राम प्रधानों ने गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने, जरूरतमंदों की सहायता करने, स्वच्छता अभियान चलाने तथा जनहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अनेक महत्वपूर्ण विकास योजनाएं अभी अधूरी हैं, जिन्हें पूरा करने के लिए ग्राम प्रधानों को अतिरिक्त समय दिया जाना जरूरी है। इसी उद्देश्य के साथ संगठन ने “आप एक साल दें, हम पाँच साल देंगे” का नारा देते हुए सरकार से ग्राम प्रधानों का कार्यकाल एक वर्ष बढ़ाने की मांग की है।
प्रधान संगठन ने यह भी मांग की कि यदि कार्यकाल विस्तार किया जाता है तो उस अवधि में वर्तमान ग्राम प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त किया जाए, ताकि विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहे और ग्रामीण जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
संगठन का कहना है कि पंचायत स्तर पर चल रही योजनाओं को बीच में रोकने से ग्रामीण विकास प्रभावित होगा, इसलिए जनहित में कार्यकाल विस्तार का निर्णय लिया जाना चाहिए।
काशी से उठी प्रधानों की आवाज: “आप एक साल दें, हम पाँच साल देंगे”, ग्राम प्रधानों ने कार्यकाल बढ़ाने की उठाई मांग
Related Posts
Add A Comment

