लखनऊ, निगोहा क्षेत्र के शेर पुर लवल में स्थित बाबू सुन्दर सिंह कॉलेज ऑफ फार्मेसी में अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। पूरे समारोह के दौरान उत्साह, उमंग और भावुकता का अनूठा संगम देखने को मिला।समारोह का शुभारम्भ मुख्य अतिथियों एवं प्रबंधन समिति द्वारा दीप प्रज्वलन तथा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान किया। कॉलेज परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे समारोह की भव्यता और बढ़ गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, समूह नृत्य, एकल गायन, हास्य प्रस्तुतियां एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। छात्रों के उत्साह और ऊर्जा ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने अपने कॉलेज जीवन की यादों को साझा करते हुए शिक्षकों एवं साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कई अवसरों पर माहौल भावुक भी हो गया।मुख्य अतिथि डॉ. ए. के. एस. रावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण और समाज सेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास बनाए रखने वाला व्यक्ति ही सफलता प्राप्त करता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।संस्था की चेयरपर्सन रीना सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कॉलेज परिवार अपने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर सदैव गर्व महसूस करता है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना भी है। उन्होंने छात्रों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर डायरेक्टर फार्मेसी डॉ. आलोक कुमार शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही संस्थान की वास्तविक उपलब्धि होती है। वहीं डीन डॉ. नीरज सिंह एवं डिप्टी डायरेक्टर अनिल कुमार सिंह ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विशेष उपाधियों से सम्मानित किया गया। बी. फार्मा वर्ग से नुशरा को “शोस्टॉपर”, सतीश साहू को “मिस्टर फेयरवेल” तथा शिवानी कौशल को “मिस फेयरवेल” चुना गया। वहीं डी. फार्मा वर्ग से अंबेश वर्मा को “मिस्टर फेयरवेल”, ज्योति को “मिस फेयरवेल”, याशी सिंह को “मिस चार्मिंग” एवं कव्यांश को “मिस्टर चार्मिंग” की उपाधि प्रदान की गई। विजेताओं के नाम की घोषणा होते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।कार्यक्रम में समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं कॉलेज स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ समारोह सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
बाबू सुन्दर सिंह कॉलेज ऑफ फार्मेसी में विदाई समारोह सम्पन्न, भावुक माहौल में दी गई उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
Related Posts
Add A Comment

