रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र)। 29 मई, 2026 रॉबर्ट्सगंज-पन्नूगंज मार्ग पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण के दौरान आमजन को होने वाली आवागमन की समस्याओं को जिला प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के त्वरित निर्देश पर प्रशासन और रेलवे विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को मौका मुआयना कर स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए एक वैकल्पिक मार्ग चिन्हित कर लिया है, जिससे पैदल यात्रियों और बाइक सवारों को बड़ी राहत मिलेगी। दरअसल, शुक्रवार को जिलाधिकारी की जनसुनवाई के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों और नागरिकों ने एक प्रार्थना पत्र सौंपकर जिलाधिकारी का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया था। प्रार्थना पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया कि रॉबर्ट्सगंज-पन्नूगंज मार्ग केवल स्थानीय स्तर पर ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह उत्तर प्रदेश को बिहार राज्य से जोड़ने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। रेलवे क्रॉसिंग के पूर्वी क्षेत्र की एक बड़ी आबादी का प्रतिदिन जिला मुख्यालय और अन्य कार्यों के लिए इसी मार्ग से आवागमन होता है। ऐसे में ओवरब्रिज निर्माण के दौरान रेलवे फाटक बंद होने से जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए निर्माण कार्य के समानांतर पैदल व दोपहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था होना अनिवार्य है।मामले की संवेदनशीलता और जनहित को देखते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने तत्काल कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने उपजिलाधिकारी (SDM) रॉबर्ट्सगंज अश्वनी कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर (CO City) रणधीर मिश्रा और रेलवे विभाग के आलाधिकारियों की एक संयुक्त टीम को तुरंत मौके पर जाकर निरीक्षण करने और समस्या का व्यावहारिक समाधान निकालने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में संयुक्त टीम ने निर्माण स्थल का गहन निरीक्षण किया और वहां मौजूद स्थानीय जनप्रतिनिधियों व नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया।निरीक्षण के दौरान टीम ने रेलवे ओवरब्रिज निर्माण स्थल के बिल्कुल समीप ही एक उपयुक्त वैकल्पिक स्थान को चिन्हित किया।इस चिन्हित स्थान से आम जनता के पैदल आवागमन और मोटरसाइकिल/स्कूटर संचालन की समुचित व सुरक्षित व्यवस्था की जाएगी।इस प्रस्तावित व्यवस्था पर मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए अपनी सहमति व्यक्त की और इसे जनहित में सबसे उपयुक्त फैसला बताया। वहीं, रेलवे विभाग के अधिकारियों ने भी इस योजना को हरी झंडी देते हुए जल्द से जल्द आवश्यक कार्यवाही शुरू करने का आश्वासन दिया है।जिला प्रशासन और रेलवे की इस त्वरित पहल से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है और निर्माण कार्य के दौरान लगने वाले लंबे जाम व असुविधा की आशंका अब काफी हद तक दूर हो गई है।
रॉबर्ट्सगंज-पन्नूगंज रेलवे ओवरब्रिज निर्माण जनता की समस्या पर DM चर्चित गौड़ का त्वरित एक्शन, चिन्हित हुआ वैकल्पिक मार्ग
Related Posts
Add A Comment

