जखनिया गाजीपुर। क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कोतवाली भुड़कुड़ा परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा शुभम वर्मा एवं प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पांडेय ने की।
बैठक में क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, व्यापारी, चिकित्सक, पेट्रोल पंप संचालक तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा ने पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल देते हुए समाज में शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर व्हाट्सएप और फेसबुक पर कुछ ऐसे समूह सक्रिय हैं जो भ्रामक सूचनाएं फैलाकर सामाजिक माहौल खराब करने तथा आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे चिन्हित एवं अचिन्हित ग्रुपों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अराजक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पांडेय ने यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान करने के साथ आवश्यकता पड़ने पर वाहनों को सीज भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अमन-चैन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। बैठक में उपस्थित लोगों ने भी अपराध नियंत्रण, सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक में अलीपुर मदरा के प्रधान प्रतिनिधि सर्वानंद सिंह ‘झुन्ना’, पेट्रोल पंप संचालक आमिर अली, डॉ. राजेश यादव, प्रधान अजीत सिंह, वरिष्ठ व्यापारी नेता अशोक गुप्ता, प्रधान वीरेंद्र यादव, प्रधान सुभाष यादव, प्रधान विजय भारत, अनुज सिंह, राकेश तिवारी, सत्यम चौबे, डॉ. बी.के. यादव, प्रधान संजय यादव, हरेंद्र यादव सहित कोतवाली भुड़कुड़ा का पुलिस स्टाफ एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अपराध नियंत्रण और सोशल मीडिया निगरानी पर पुलिस सख्त, भुड़कुड़ा कोतवाली में हुई अहम बैठक
Related Posts
Add A Comment

