सोनभद्र, 05 जून 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रदेश में हरित आवरण बढ़ाने की महत्वाकांक्षी पहल को धरातल पर उतारते हुए आज विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर सोनभद्र जनपद में एक पेड़ माँ के नाम वृहद पौधरोपण महाअभियान का ऐतिहासिक शंखनाद किया गया। इस वर्ष जिला प्रशासन और वन विभाग ने मिलकर पूरे जनपद में 1 करोड़ 61 लाख से अधिक पौधे लगाने का एक विशाल और रिकॉर्ड लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसकी शुरुआत आज पूरे जिले में उत्सव के रूप में हुई। इस महाअभियान का मुख्य और भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम विकास खण्ड घोरावल के तिलौली कला ग्राम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) जागृति अवस्थी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश दिया।
इसके साथ ही, सदर विधायक भूपेश चौबे, विभिन्न विकास खंडों के ब्लॉक प्रमुखगणों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा भारी संख्या में आम नागरिकों, महिलाओं और युवाओं ने जनपद के अलग-अलग स्थानों पर अपनी माँ के नाम पर पौधे रोपकर इस पुनीत अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज की। इस बार के पौधरोपण अभियान को केवल संख्या बल तक सीमित न रखकर एक बेहद खास और जन-उपयोगी रणनीति का हिस्सा बनाया गया है। जिले में मिशन छाया के अंतर्गत एक विशेष योजना चलाई जा रही है। इस मिशन के तहत जनपद की प्रमुख और संपर्क सड़कों के दोनों किनारों पर सघन रूप से केवल बड़े और छायादार पौधे लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य भविष्य में राहगीरों को चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी से राहत दिलाना, सड़कों को सुंदर बनाना तथा क्षेत्र के पारिस्थितिक संतुलन को मजबूत करना है। जनपद में पर्यावरण संरक्षण को एक जनआंदोलन का रूप देने के लिए कुल 1,61,69,686 (एक करोड़ इकसठ लाख उनहत्तर हजार छह सौ सियासी) पौधे रोपने का लक्ष्य तय किया गया है। इस महालक्ष्य को हासिल करने के लिए जिम्मेदारियों का बंटवारा इस प्रकार किया गया है। इस महाअभियान में मुख्य भूमिका निभाते हुए अकेले वन विभाग द्वारा 1,02,18,000 (एक करोड़ दो लाख अठारह हजार) पौधों का रोपण किया जाएगा।जिले के विकास को गति देने वाले 22 अन्य सरकारी विभागों (जैसे राजस्व, शिक्षा, ग्राम्य विकास, कृषि आदि) को सामूहिक रूप से 59,51,686 (उनसठ लाख इक्यावन हजार छह सौ सियासी) पौधे लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और उच्चाधिकारियों ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि आज जिस तरह वैश्विक तापमान (ग्लोबल वार्मिंग) बढ़ रहा है, उससे निपटने का एकमात्र जरिया प्रकृति की शरण में जाना ही है। अधिकारियों ने जनपदवासियों से आह्वान किया कि वे न केवल पौधे लगाएं, बल्कि अपनी माँ की तरह ही उन पौधों के संरक्षण और संवर्धन का भी कड़ा संकल्प लें। विभिन्न ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों के आपसी तालमेल से शुरू हुआ यह महाअभियान आने वाले दिनों में सोनभद्र की वादियों को और अधिक हरित और समृद्ध बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
सोनभद्र में एक पेड़ माँ के नाम महाअभियान का ऐतिहासिक आगाज़ रोपे जाएंगे 1.61 करोड़ से अधिक पौधे, मिशन छाया से सड़कें होंगी गुलजार
Related Posts
Add A Comment

