गाजीपुर । चर्चित विनीत राय हत्याकांड के मुख्य आरोपी एवं ₹1 लाख के इनामी बदमाश कमलेश चौधरी के एनकाउंटर के बाद जिले का गोड़ा देहाती गांव हाई अलर्ट पर है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने एहतियातन बाहरी लोगों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ा दी है तथा पूरे क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है।।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हालात पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है। गांव के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। पथराव की घटना के बाद प्रशासन और अधिक सतर्क हो गया है तथा छह थानों की पुलिस टीम क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर रही है।।
एएसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने कहा कि पुलिस पर पथराव और शांति व्यवस्था भंग करने वालों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ रखा गया है। पूरे इलाके में निगरानी जारी है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके!!

