भदोही,मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों एवं आमजन के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद में समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देशानुसार दिनांक 05 जून से 21 जून 2026 तक जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में रात्रि चौपालों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 06 जून 2026 को विभिन्न विकास खंडों की चयनित ग्राम पंचायतों में नामित नोडल अधिकारियों की अध्यक्षता में रात्रि चौपालों का आयोजन किया गया। चौपालों में ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनकर उनका निस्तारण किया गया तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विकास खंड सुरियावां की ग्राम पंचायत महजूदा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष चक द्वारा विकास खंड औराई की ग्राम पंचायत अमवा माफी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा विकास खंड भदोही की ग्राम पंचायत पिपरीस, जिला युवा कल्याण अधिकारी द्वारा विकास खंड ज्ञानपुर की ग्राम पंचायत जखांव, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी द्वारा विकास खंड डीघ की ग्राम पंचायत डीघ, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा विकास खंड सुरियावां की ग्राम पंचायत जमुनीपुर अठगवां तथा जिला कृषि अधिकारी द्वारा विकास खंड भदोही की ग्राम पंचायत बौरीबोझ में रात्रि चौपाल आयोजित की गई।
चौपालों में राजस्व विभाग द्वारा वरासत, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों से संबंधित प्रकरणों तथा भूमि संबंधी शिकायतों का निस्तारण किया गया। पंचायती राज एवं ग्राम्य विकास विभाग द्वारा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजनाएं, वृद्धावस्था, निराश्रित महिला एवं दिव्यांगजन पेंशन, व्यक्तिगत शौचालय, नाली-खड़ंजा निर्माण, मनरेगा जॉब कार्ड एवं राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।
कृषि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा पोषण एवं पुष्टाहार योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान कार्ड निर्माण तथा स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया गया। वहीं नलकूप एवं सिंचाई विभाग द्वारा सिंचाई एवं जलापूर्ति से संबंधित शिकायतों का निस्तारण किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चौपालों में प्राप्त सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु प्रभावी कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक नामित अधिकारी एवं कर्मचारी की अपने आवंटित ग्राम पंचायत में उपस्थिति अनिवार्य है। बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध “नो वर्क, नो पे” के सिद्धांत के तहत संबंधित दिवस का वेतन अदेय किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे रात्रि चौपालों में पूर्ण उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता के साथ सहभागिता सुनिश्चित करें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लक्ष्य को सफल बनाएं।

