भांवरकोल (गाजीपुर)। क्षेत्र के फखनपुरा खेल मैदान पर मरहूम पूर्व प्रधान अब्दुल वाजिद की याद में आयोजित राज्य स्तरीय नाइट फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन उनके बड़े पुत्र अयाज सिद्दीकी द्वारा कराया जा रहा है। उद्घाटन मुकाबले में कुर्रा फुटबॉल क्लब गाजीपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अलीगढ़ मुस्लिम फुटबॉल क्लब को 2-0 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह के प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने मुख्य अतिथि का फूल-मालाओं से स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ खेलने तथा फाउल गेम से बचने की सलाह दी।
मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। 22वें मिनट में कुर्रा फुटबॉल क्लब के खिलाड़ी ने शानदार गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई, जो हाफ टाइम तक कायम रही।
दूसरे हाफ में भी गाजीपुर की टीम का दबदबा बना रहा। हाफ के 15वें मिनट में कुर्रा क्लब ने दूसरा गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने कई आक्रामक प्रयास किए, लेकिन कोई भी टीम अतिरिक्त गोल नहीं कर सकी। दर्शकों ने पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर प्रतियोगिता का भरपूर आनंद उठाया।
प्रतियोगिता में रेफरी की जिम्मेदारी फरहान अब्दुल वाजिद ने निभाई, जबकि लाइनमैन के रूप में सेयान उर्फ कल्लू और इरफान मुस्तैद रहे। मैच की रोमांचक कमेंट्री अरकम सिद्दीकी ने की।
इस अवसर पर पूर्व बीडीसी सरफराज उर्फ डब्ल्यू, पूर्व बीडीसी अनिरुद्ध राम, हमजा खान, सीमा खान, जावेद अख्तर, अब्दुल्लाह सिद्दीकी, इरशाद सिद्दीकी, डॉ. अब्दुल माजिद, मेजर आफताब सहित क्षेत्र के सैकड़ों खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
मरहूम पूर्व प्रधान अब्दुल वाजिद की याद में आयोजित राज्य स्तरीय नाइट फुटबॉल प्रतियोगिता का हुआ शानदार आगाज|
Previous Articleछिनैती की घटना का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार|
Related Posts
Add A Comment

