जमानियां गाजीपुर (पुनित त्रिपाठी)। नगर पालिका परिषद जमानियां के नियमित कर्मचारी स्वर्गीय रमाशंकर शर्मा की ड्यूटी के दौरान 16 मई 2026 को हुई सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है। नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुकंपा नियुक्ति के लिए दिए गए आवेदन पर मात्र तीन दिन के भीतर निर्णय लेकर उनकी पुत्री अंजली शर्मा को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
नगर पालिका कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अंजली शर्मा को समूह ‘घ’ के अंतर्गत कर एवं राजस्व मोहर्रिर के पद पर नियुक्त किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि दिवंगत कर्मचारी के परिवार की आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए मानवीय संवेदनाओं के आधार पर शीघ्र कार्रवाई की गई है, ताकि परिवार को कठिन समय में सहारा मिल सके।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप संकट की घड़ी में कर्मचारी परिवारों के साथ खड़ा होना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अनुकंपा नियुक्ति केवल नौकरी देना नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास है।
नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद अंजली शर्मा एवं उनके परिजनों ने नगर पालिका प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में नगर पालिका के लिपिक विजयशंकर शर्मा, स्टोर लिपिक सत्येंद्र बाबू, टैक्स इंस्पेक्टर विजयशंकर राय तथा भाजपा आईटी विभाग के संयोजक संजीत यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है और इसे प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली का उदाहरण माना जा रहा है।
ड्यूटी के दौरान मृत कर्मचारी की पुत्री को मिली अनुकंपा नियुक्ति, तीसरे दिन सौंपा गया नियुक्ति पत्र|
Previous Articleपोखरे में डूबे जुड़वा भाइयों की मौत, गांव में मातम|
Related Posts
Add A Comment

