भदोही, 08 जून 2026। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के वाराणसी अंचल के निर्देशन में एसएसआई शाखा, भदोही में MSME आउटरीच मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों एवं निर्यातकों के साथ संवाद स्थापित कर पश्चिम एशिया में उत्पन्न भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था में आए बदलावों तथा उनके MSME क्षेत्र पर पड़ने वाले प्रभावों का आकलन करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वाराणसी अंचल के एश्योरेंस हेड श्री केडी गुप्ता ने की। इस अवसर पर वाराणसी अंचल प्रमुख श्री टी. कामेश्वर राव ने अपने मार्गदर्शन में MSME क्षेत्र को सशक्त बनाने हेतु बैंक की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
बैठक में प्रयागराज क्षेत्र प्रमुख श्री शशिकांत प्रसाद, कॉरपोरेट कार्यालय मुंबई से मुख्य आर्थिक सलाहकार सुश्री कनिका पसरीचा तथा MSME विभाग के प्रमुख श्री संजीव कुमार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। प्रयागराज MSME लोन प्वाइंट के प्रमुख श्री सुमन कुमार ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, अमेरिकी प्रतिबंधों, वैश्विक व्यापार एवं सप्लाई चेन पर उनके प्रभावों का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान बैंक द्वारा उद्यमियों को 25 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण स्वीकृत किए गए तथा 17 करोड़ रुपये के ऋण संवितरण पत्र वितरित किए गए। साथ ही यह जानकारी दी गई कि UCGS 5.0 योजना के अंतर्गत 5 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहले ही वितरित की जा चुकी है।
बैठक में बैंक के CASA उत्पादों, ECLGS 5.0, एक्सपोर्ट फाइनेंस, वर्किंग कैपिटल समाधान तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न MSME प्रोत्साहन योजनाओं की विस्तृत जानकारी उद्यमियों को प्रदान की गई।
प्रयागराज क्षेत्र प्रमुख एवं सहायक महाप्रबंधक श्री नीरज कुमार ओझा ने कहा कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ग्राहकों की बदलती आवश्यकताओं को समझते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बैंक MSME क्षेत्र को आर्थिक मजबूती प्रदान करने और निर्यात आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान व्यापार की निरंतरता, लिक्विडिटी प्रबंधन, वैश्विक बाजार की अनिश्चितताओं से निपटने की रणनीतियों तथा वित्तीय जोखिमों के प्रबंधन पर भी विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित उद्यमियों एवं निर्यातकों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए बैंक की पहल की सराहना की। इस अवसर एलडीएम अमित कुमार गुप्ता एवं संबंधित उपस्थित रहे।
Related Posts
Add A Comment

