ईपीएफ घोटाले के खिलाफ भारतीय संविदा श्रमिक संगठन का बड़ा हमला डीएम को सौंपा ज्ञापन
BTPS-CTPS की संविदा कंपनियों पर श्रमिकों का EPF हड़पने का आरोप
जांच न होने पर संगठन ने दी मुख्यमंत्री तक जाने और बड़े आंदोलन की चेतावनी
सोनभद्र, 09 जून 2026। भारतीय संविदा श्रमिक संगठन ने आज ओबरा परियोजना के BTPS एवं CTPS में कार्यरत संविदा श्रमिकों के भविष्य निधि (EPF) घोटाले को लेकर जोरदार विरोध दर्ज कराया। संगठन के पदाधिकारियों ने इस संबंध में जिलाधिकारी सोनभद्र को एक शिकायती पत्र और ज्ञापन सौंपकर आरोपी कंपनियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने कंपनियों पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई संविदा कंपनियां श्रमिकों के मासिक वेतन से EPF की कटौती तो नियमित रूप से कर रही हैं, लेकिन उस धनराशि को श्रमिकों के भविष्य निधि खातों में जमा नहीं किया जा रहा है। संगठन द्वारा विशेष रूप से नीरज कंस्ट्रक्शन (BTPS) एवं SKPL (CTPS) नामक कंपनियों को कटघरे में खड़ा किया गया है। आरोप है कि इन कंपनियों द्वारा श्रमिकों के अधिकारों का खुलेआम शोषण किया जा रहा है तथा EPFO के नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। भारतीय संविदा श्रमिक संगठन के अध्यक्ष मणि शंकर पाठक ने कड़े शब्दों में कहा कि ओबरा परियोजना में संविदा श्रमिकों के खून-पसीने की कमाई और EPF की राशि पर बड़े पैमाने पर लूट चल रही है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि श्रमिकों के कटे हुए EPF की राशि जल्द से जल्द उनके खातों में हस्तांतरित नहीं की गई, तो संगठन एक बड़े और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। वहीं, संगठन के मंत्री उमेश पटेल ने SKPL जैसी कंपनियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी दागी कंपनियों को कार्य आवंटित करने से पहले उनकी पृष्ठभूमि की पूरी जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की है कि संबंधित कंपनियों के कंप्लायंस रजिस्टर की जांच हो। कंपनियों के EPF रिकॉर्ड और जमा पर्चियों का मिलान किया जाए।
श्रमिकों से जुड़े सभी दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि यह साफ हो सके कि अब तक कितने मजदूरों का आर्थिक शोषण किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि यदि इस ज्ञापन पर स्थानीय प्रशासन द्वारा गंभीरता से और त्वरित कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए इस ज्वलंत समस्या को लेकर सीधे माननीय मुख्यमंत्री के दरबार में पहुंचेगा। जिलाधिकारी कार्यालय पर ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जिनमें रणजीत तिवारी (उपाध्यक्ष) कृष्ण कुमार पाठक (महामंत्री)
नवलेश वर्मा (कोषाध्यक्ष) रामेश्वर गिरी, महेंद्र पांडे, सुनील सिंह, उपेंद्र गिरी, राजकुमार यादव (कार्यकारिणी सदस्य) सहित भारी संख्या में श्रमिक व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

