सोनभद्र सपा जिला कार्यालय पर प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर बरसे सपाई
आरक्षण बचाने के लिए गांव-गांव और बूथ स्तर पर व्यापक जनआंदोलन खड़ा करेगी सपा
सोनभद्र, 09 जून 2026। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर मंगलवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सूबे की भाजपा सरकार पर आरक्षण व्यवस्था को पूरी तरह कमजोर करने और सामाजिक न्याय की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया। सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश की 22 बड़ी भर्ती परीक्षाओं में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग की 11,514 आरक्षित सीटों की खुली लूट हुई है, जो संविधान की मूल भावना पर सीधा हमला है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव ने कहा कि आरक्षण केवल नौकरी पाने का साधन नहीं है, बल्कि यह समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाने और सामाजिक समानता स्थापित करने का एक संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न सरकारी भर्तियों में आरक्षण के नियमों और रोस्टर का समुचित पालन नहीं किया गया। इसके चलते पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के हजारों योग्य अभ्यर्थियों को उनके अधिकारों से वंचित होना पड़ा है। समाजवादी पार्टी द्वारा चलाए जा रहे पीडीए जागरूकता अभियान और आरक्षण ऑडिट के दौरान ही भ्रष्टाचार और इन अनेक अनियमितताओं का भंडाफोड़ हुआ है। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी चुप बैठने वाली नहीं है और पीडीए समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए आखिरी सांस तक संघर्ष जारी रखेगी। इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि वर्तमान सरकार संविधान की गरिमा और भावना के विपरीत कार्य कर रही है। सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आज आरक्षित वर्ग का युवा बेरोजगार घूमने पर विवश है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समान अवसर और आरक्षण की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक एक बड़ा संघर्ष छेड़ेगी। पीडीए समाज को जागरूक कर उनके अधिकारों की लड़ाई को धार दी जाएगी। सपा के प्रदेश सचिव चौधरी यशवंत सिंह पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए आरक्षण व्यवस्था पर किसी भी प्रकार का आघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि सरकार वर्तमान और पूर्व में हुई सभी भर्तियों के आरक्षण से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराए और इसके लिए जिम्मेदार दोषियों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई करे। सपा नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि आज देश-प्रदेश में पीडीए, आरक्षण और संविधान तीनों खतरे में हैं। इसके लिए समाजवादी पार्टी गांव-गांव और बूथ स्तर तक विशेष अभियान चलाकर जनता को जागरूक करेगी और एक व्यापक जनआंदोलन खड़ा करेगी। इस हाई-प्रोफाइल प्रेस वार्ता के दौरान जिले के तमाम दिग्गज सपाई और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से मुनीर अहमद, संजय यादव (पूर्व जिलाध्यक्ष), विजय यादव।
मोहम्मद सईद कुरैशी (जिला महासचिव), सुनील गौड़, मनु पांडेय। परमेश्वर यादव, अशोक पटेल, अनिल प्रधान, सुभाष यादव, फारूक अली, जिलानी, और कृष्णा पंडित सहित दर्जनों वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

