गाजीपुर (पुनित त्रिपाठी)। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (भा.कृ.अनु.प.) के अंतर्गत भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी द्वारा शुक्रवार को विकास खंड मानीहारी के ग्राम सराय गोविंद में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 45 किसानों ने भाग लिया, जिनमें 30 पुरुष एवं 15 महिला किसान शामिल रहीं।
वैज्ञानिकों ने किसानों को बताया कि रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित एवं अत्यधिक प्रयोग से खेती की लागत बढ़ने के साथ-साथ मृदा की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इससे जैविक कार्बन की कमी, सूक्ष्म पोषक तत्वों का असंतुलन तथा पर्यावरणीय समस्याएं उत्पन्न होती हैं। किसानों को मृदा परीक्षण आधारित पोषण प्रबंधन तथा संतुलित उर्वरक उपयोग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में गोबर की खाद, कम्पोस्ट, वर्मी कम्पोस्ट, हरी खाद तथा जैव उर्वरकों के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। वैज्ञानिकों ने बताया कि जैविक पदार्थों के नियमित उपयोग से मिट्टी की संरचना, जल धारण क्षमता और सूक्ष्मजीवी गतिविधियों में वृद्धि होती है, जिससे फसलों की उत्पादकता एवं गुणवत्ता बेहतर होती है।
प्रधान वैज्ञानिक डॉ. जागेश कुमार तिवारी, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. केशव गौतम तथा तुषार कांती (एसआरएफ) ने किसानों को जैव उर्वरकों की उपयोगिता एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों की जानकारी दी तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रिइन्वेंट ऑर्गेनिक फार्मिंग उत्पादक कंपनी लिमिटेड की प्रबंध निदेशक रीना सिंह, राम रतन सिंह तथा विनोद कुमार जोशी भी उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभों से अवगत कराया। कार्यक्रम के अंत में राम रतन सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा किसानों को कृषि इनपुट नि:शुल्क वितरित किए गए। किसानों ने ऐसे कार्यक्रमों की सराहना करते हुए भविष्य में भी तकनीकी मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण की मांग की।
खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण की दी गई जानकारी
Previous Articleओबरा स्टेडियम की घोर उपेक्षा 7 दिन से चल रहे टूर्नामेंट में नगर पंचायत ने नहीं भेजा एक भी सफाईकर्मी, खिलाड़ी खुद झाड़ू लगाने को मजबूर
Next Article पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के आरोपी को किया गिरफ्तार
Related Posts
Add A Comment

