मोहनलालगंज, लखनऊ केन्द्र सरकार के सुशासन, विकास, विश्वास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खंड मोहनलालगंज परिसर में आयोजित तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का मंगलवार को भव्य समापन हो गया। 14 जून से 16 जून तक चले इस आयोजन में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाया।समापन समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी लखनऊ के जिलाध्यक्ष विजय मौर्य रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ब्लॉक प्रमुख मोहनलालगंज ओमप्रकाश शुक्ला “विन्धेश्वरी” द्वारा मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। वहीं विशिष्ट अतिथि जिला सहकारी बैंक लखनऊ के चेयरमैन वीरेन्द्र प्रताप सिंह का खंड विकास अधिकारी द्वारा स्वागत किया गया। कार्यक्रम में भूमि विकास बैंक मोहनलालगंज के अध्यक्ष अशोक तिवारी एवं प्रधान संघ अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे।कार्यक्रम के दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा आयोजित अन्नप्राशन संस्कार में नवजात शिशुओं को खीर खिलाकर उनके स्वस्थ जीवन की कामना की गई तथा लाभार्थियों को पुष्टाहार का वितरण किया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग, पंचायत विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मनरेगा समेत विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई।विशिष्ट अतिथि वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।मुख्य अतिथि विजय मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर कार्य कर रही है। सरकार बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता है तथा आने वाले समय में महिलाओं को राजनीतिक क्षेत्र में भी अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और भारत विश्व मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।ब्लॉक प्रमुख ओमप्रकाश शुक्ला “विन्धेश्वरी” ने कहा कि जन कल्याण शिविर का उद्देश्य सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना और पात्र लोगों को सीधे लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा, “तीन दिनों तक चले इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। स्वास्थ्य मेले के माध्यम से लोगों को चिकित्सीय सुविधाएं मिलीं, वहीं कई लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ा गया। सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।”उन्होंने बताया कि मोहनलालगंज क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ जनहित की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।कार्यक्रम में मस्तीपुर, भद्दीसिरस, कनेरी, निगोहां, सलेमपुर अचाका, दहियर, दयालपुर, हुलासखेड़ा, डाडा सिकंदरपुर, पुरहिया, समेसी, पतौना, नटौली और धनुवासांड समेत कई ग्राम पंचायतों के प्रधानों ने उपस्थित होकर मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया।इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी पंचायत अशोक यादव, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा उदयराज शर्मा, ग्राम पंचायत सचिव, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, विभिन्न विभागों के
अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर का समापन जनभागीदारी, सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभार्थियों को सीधे लाभ पहुंचाने के संदेश के साथ संपन्न हुआ।
विकास खंड कार्यालय में तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का समापन, सैकड़ों ग्रामीणों ने उठाया योजनाओं का लाभ
Related Posts
Add A Comment

