गुरमा (सोनभद्र) केंद्र सरकार के फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत और आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला कारागार गुरमा में चार दिवसीय योग एवं ध्यान शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ है। यह विशेष आयोजन धनवन्तरी पतंजलि योग संस्थान और सेवा भारती, उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में जेल प्रशासन के विशेष सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। 18 जून 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि जेल अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र एवं धनवंतरी पतंजलि योग संस्थान के संस्थापक सदस्य जितेंद्र त्रिपाठी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि और जेल अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा जेल के बंदियों को योग प्रशिक्षण देने का मूल उद्देश्य यह है कि यहाँ निरुद्ध हर बंदी स्वयं का शिक्षक बने। वे योग को केवल चार दिन की गतिविधि न समझें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन में उतारकर खुद को रोगमुक्त और तनावमुक्त रखें। इसी सकारात्मक और सुधारात्मक उद्देश्य के साथ इस शिविर की रूपरेखा तय की गई है। इस चार दिवसीय योग शिविर का मुख्य उद्देश्य कारागार की चहारदीवारी के भीतर रह रहे बंदियों को मानसिक अवसाद (डिप्रेशन) और दैनिक तनाव से मुक्ति दिलाना है। जेल प्रशासन और आयोजकों का मानना है कि योग के माध्यम से बंदियों के शारीरिक स्वास्थ्य में तो सुधार होगा ही, साथ ही उनके भीतर सकारात्मक विचारों का संचार होगा, जो उन्हें भविष्य में समाज की मुख्य धारा से दोबारा जोड़ने के लिए प्रेरित करेगा। इस शिविर की सबसे खास बात यह है कि बंदियों को योग सिखाने के लिए विश्व रिकॉर्ड होल्डर योग गुरु आचार्य अजय कुमार पाठक मुख्य योगाचार्य के रूप में उपस्थित हैं। उनके कुशल निर्देशन में पहले दिन बंदियों और जेल कर्मियों को विभिन्न महत्वपूर्ण योगासनों, प्राणायाम और गहरी ध्यान विधाओं का बारीकी से अभ्यास कराया गया। योग गुरु ने बताया कि ध्यान के माध्यम से बंदियों के नैतिक और आत्मिक विकास को बल मिलेगा। इस अवसर पर धनवन्तरी पतंजलि योग संस्थान के अध्यक्ष रमेश कुमार सिंह ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक पवित्र कला है। गुरमा जेल प्रशासन के सहयोग से आयोजित यह शिविर बंदियों को निरोगी बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। इस भव्य और अनुशासित आयोजन को सफल बनाने में सह-आयोजक के रूप में सेवा भारती (उत्तर प्रदेश) की टीम पूरी तत्परता से जुटी हुई है। उद्घाटन सत्र के दौरान जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से अरुण कुमार मिश्र (जेल अधीक्षक), अरविंद सिन्हा (जेलर) शशांक पटेल (डिप्टी जेलर),प्रिया पाण्डेय (जिला प्रभारी, धनवन्तरी पतंजलि योग संस्थान),जितेंद्र तिवारी और अभिषेक जायसवाल शामिल रहे।कारागार प्रशासन के इस कदम की क्षेत्र के प्रबुद्ध वर्ग द्वारा काफी सराहना की जा रही है।
गुरमा जिला कारागार में चार दिवसीय योग शिविर का भव्य शुभारंभ, जेल अधीक्षक बोले— बंदियों के जीवन में आएगा सकारात्मक बदलाव
Related Posts
Add A Comment

