ओबरा (सोनभद्र) सोनभद्र जनपद के औद्योगिक नगर ओबरा में आगामी 24 जून को एक ऐतिहासिक एवं भव्य धार्मिक अनुष्ठान होने जा रहा है। यहाँ अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में चोपन रोड स्थित ब्राह्मण समाज परिसर में भगवान परशुराम जी, प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश जी एवं विद्या की देवी मां शारदा की नवनिर्मित संगमरमर की भव्य प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्ण विधि-विधान के साथ संपन्न होगी। इस त्रिवेणी समागम को लेकर पूरे क्षेत्र के श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह का माहौल है। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष नंदलाल मंडे पांडेय ने आयोजन की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इस तीन दिवसीय भव्य धार्मिक अनुष्ठान की तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में हैं। उन्होंने बताया कि प्रभु की भक्ति और कला के अद्भुत संगम के रूप में तीनों देवी-देवताओं की भव्य संगमरमर की प्रतिमाएं विशेष रूप से जयपुर (राजस्थान) से मंगाई गई हैं, जो परिसर की भव्यता में चार चांद लगाएंगी।
इस पावन धार्मिक उत्सव को शास्त्रोक्त पद्धतियों के अनुसार तीन दिनों में विभक्त किया गया है, जिसकी शुरुआत सोमवार से होने जा रही है। धार्मिक अनुष्ठान का भव्य शुभारंभ तड़के कलश यात्रा के साथ होगा। इसके पश्चात मूर्तियों के शुद्धिकरण और विभिन्न धार्मिक अधिवासों (जैसे जलाधिवास, अन्नाधिवास, घृताधिवास आदि) की प्रक्रियाएं वैदिक परंपराओं के अनुसार प्रारंभ होंगी। इस दिन मुख्य समारोह का आयोजन होगा, जिसमें काशी (वाराणसी) के प्रकांड विद्वान आचार्यों के पावन सानिध्य और निर्देशन में महायज्ञ, वेदोक्त मंत्रोच्चार एवं विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। तत्पश्चात, अभिजीत मुहूर्त में मूर्तियों में विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। 24 जून को प्राण प्रतिष्ठा की पूर्णाहुति के उपरांत दोपहर से लेकर प्रभु इच्छा तक एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है, जिसमें सभी भक्तों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था रहेगी। सनातन संस्कृति के इस अनूठे आयोजन को दिव्य और भव्य बनाने के लिए अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने ओबरा सहित पूरे सोनभद्र जिले के क्षेत्रवासियों, प्रबुद्ध जनों और मातृशक्ति से अपील की है कि वे इस कलश यात्रा, प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ एवं भंडारे में अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार सम्मिलित होकर पुण्य के भागी बनें और भगवान परशुराम का आशीर्वाद प्राप्त करें।
ओबरा में आस्था का महासंगम 24 जून को होगी भगवान परशुराम, श्री गणेश और मां शारदा की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा, तैयारियां अंतिम चरण में
Related Posts
Add A Comment

