गाजीपुर, 25 जून 2026। थाना कोतवाली पुलिस ने चर्चित विनीत राय हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य अभियुक्त शंकर पाण्डेय के पिता रविशंकर उर्फ रविशेखर पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को गाजीपुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर से गिरफ्तार किया।
गौरतलब है कि 29 मई 2026 को अष्टभुजी कॉलोनी, गोडा शहरी निवासी विनीत राय पुत्र आलोक राय की हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 0365/2026 के तहत धारा 103(1), 191(2), 3(5) एवं 61(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मामले की विवेचना के दौरान हत्या की साजिश में रविशंकर पाण्डेय की संलिप्तता प्रकाश में आई। इसके आधार पर पुलिस ने 56 वर्षीय रविशंकर उर्फ रविशेखर पाण्डेय पुत्र स्वर्गीय सत्यदेव पाण्डेय, निवासी गौसाबाद, थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मुख्य अभियुक्त शंकर पाण्डेय का पिता है। उसके आपराधिक इतिहास की जांच में यह भी सामने आया कि वह पश्चिम बंगाल की दमदम जेल में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में 15 वर्ष की सजा काट चुका है तथा जनवरी 2024 में जेल से रिहा हुआ था।
गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह एवं उनकी पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले की विवेचना जारी है।

