ओबरा (सोनभद्र)। मोहर्रम के पावन अवसर पर शनिवार को ओबरा नगर में श्रद्धा, अकीदत और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य ताजिया जुलूस निकाला गया। ‘या हुसैन’ की सदाओं और मातमी धुनों के बीच बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने ताजिया के साथ नगर के निर्धारित मार्गों से भ्रमण किया। जुलूस में शामिल लोगों ने कर्बला के शहीदों और इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरे ताजिया जुलूस का स्थानीय नागरिकों द्वारा जगह-जगह गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसी कड़ी में सामाजिक कौमी एकता की मिसाल पेश करते हुए शिशु शिक्षा निकेतन के पास अकीदतमंदों और राहगीरों के लिए मिश्राअंबू (ठंडा शरबत) का वितरण किया गया। इस सेवा कार्य में मुख्य रूप से सिकंदर बेग, ओम प्रकाश सिंह, जितेंद्र शुक्ला, पंचू शुक्ला, शमशाद उर्फ रिंकू और सुरजीत सामरा ,समाजसेविक जल पुरुष रमेश सिंह यादव ,नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सरवन पासवान ,सहित कई गणमान्य लोग मुस्तैद रहे। इस दौरान पूरे क्षेत्र में आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक एकता का एक अद्भुत और अनुकरणीय दृश्य देखने को मिला। जुलूस में युवाओं, बुजुर्गों के साथ-साथ बच्चों ने भी बड़े उत्साह और अनुशासन के साथ भागीदारी की।समारोह के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सीधी निगरानी में पूरा जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। नगर के संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार पैनी नजर रखी गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने जुलूस के आयोजकों और अकीदतमंदों से पहले ही दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की थी, जिसका सभी पक्षों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया।मोहर्रम के अवसर पर ओबरा में निकला यह पारंपरिक ताजिया जुलूस एक बार फिर क्षेत्र में आपसी भाईचारे, प्रेम, शांति और सामाजिक सद्भाव का बड़ा प्रतीक बना। पूरे आयोजन के सफल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर स्थानीय प्रशासन और गणमान्य नागरिकों ने सभी ओबरा वासियों, जुलूस आयोजकों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व धन्यवाद व्यक्त किया है।
ओबरा में अकीदत व आपसी सौहार्द के साथ निकला मोहर्रम का ताजिया जुलूस, जगह-जगह हुआ स्वागत
Related Posts
Add A Comment

