दुल्लहपुर (गाजीपुर): थाना क्षेत्र के सोनहरा गांव में बुधवार की देर रात शॉर्ट-सर्किट से लगी भीषण आग ने एक गरीब परिवार का सब कुछ छीन लिया। रात करीब 11 बजे चरित्र राम की रिहायशी झोपड़ियों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग बुझाने के प्रयास में महिला घायल
आग की लपटें उठती देख परिवार के लोग और ग्रामीण दहशत में आ गए। इस दौरान चरित्र राम की पत्नी सुदामी देवी बच्चों को सुरक्षित निकालने और आग बुझाने की कोशिश में हड़बड़ी में छत से नीचे गिर गईं, जिससे उनका हाथ टूट गया। उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
दमकल और ग्रामीणों की मशक्कत से बुझी आग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की 112 पीआरवी टीम और दमकल विभाग मौके पर पहुंच गया। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपड़ियों में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
नगदी सहित गृहस्थी का सामान हुआ राख
पीड़ित चरित्र राम ने बताया कि उन्होंने मजदूरी कर बड़ी मेहनत से अपना आशियाना खड़ा किया था। अग्निकांड में उनकी तीन रिहायशी झोपड़ियां पूरी तरह जल गईं। झोपड़ियों में रखे 30 हजार रुपये नगद, अनाज, कपड़े, घरेलू सामान तथा अन्य जरूरी वस्तुएं भी आग की भेंट चढ़ गईं। उन्होंने करीब चार लाख रुपये के नुकसान की बात कही है।
मुआवजे का आश्वासन
घटना की जानकारी मिलने पर उप जिलाधिकारी अतुल कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए लेखपाल को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को शासन की ओर से हर संभव सहायता और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
शॉर्ट-सर्किट ने उजाड़ा गरीब का आशियाना: तीन झोपड़ियां राख, ₹30 हजार नगदी समेत लाखों का सामान स्वाहा
Previous Article23 जुलाई तक विशेष केसीसी एवं फसल बीमा का चलेगा अभियान- डीएम
Related Posts
Add A Comment

