गाजीपुर। बरसात के मौसम को देखते हुए बिजली विभाग ने आमजन से बिजली जनित दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि बिजली आपूर्ति बहाल होने के तुरंत बाद फोन चार्जिंग पर न लगाएं, बल्कि कम से कम 10 मिनट तक इंतजार करें।
विभाग की ओर से जारी संदेश में लोगों को बिजली के खंभों को छूने से बचने, खंभों से मवेशी नहीं बांधने तथा बिजली लाइनों के नीचे किसी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित नहीं करने की सलाह दी गई है। नए भवनों का निर्माण करते समय बिजली लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और खेत की मेड़ पर बिजली का खंभा होने पर उचित दूरी से ही जुताई करने को कहा गया है।
साथ ही यदि किसी बिजली के खंभे पर स्पार्किंग हो रही हो या बारिश के दौरान उसके आसपास पानी भर गया हो तो वहां जाने से बचें तथा दूसरों को भी सतर्क करें। यदि बिजली के तार पेड़ों के निकट हों तो पेड़ पर चढ़ने से परहेज करें।
बिजली विभाग ने चेतावनी दी है कि ट्रांसफार्मर या बिजली लाइनों पर डंडे अथवा अन्य वस्तुएं नहीं डालनी चाहिए। बारिश के कारण यदि कोई बिजली लाइन टूटकर सड़क पर गिर जाए या नीचे लटक रही हो तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित फीडर इंचार्ज (लाइनमैन), जेई अथवा उपकेंद्र पर दें, ताकि समय रहते मरम्मत कर दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
इसके अलावा विभाग ने बिजली के खंभों के आसपास अतिक्रमण नहीं करने, घरों में अच्छी गुणवत्ता वाले विद्युत उपकरणों का उपयोग करने, बिजली फिटिंग में अर्थिंग कराने तथा उच्च गुणवत्ता वाले स्विच, एमसीबी और एलसीबी का प्रयोग करने की भी सलाह दी है।
बिजली विभाग ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
बरसात के मौसम में बिजली विभाग ने जारी की सुरक्षा सलाह, उपभोक्ताओं से सावधानी बरतने की अपील
Related Posts
Add A Comment

