सोनभद्र (ओबरा) सोशल मीडिया के जरिए बैंक के नाम पर फर्जी विज्ञापन दिखाकर ठगी करने वाले साइबर अपराधियों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। ताजा मामला ओबरा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति के फेसबुक अकाउंट पर पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के नाम से आए फर्जी बैलेंस चेक लिंक के जरिए ₹1.70 लाख की अवैध निकासी कर ली गई। हालांकि, सोनभद्र पुलिस और साइबर टीम की त्वरित व समयबद्ध कार्रवाई के चलते पीड़ित के खाते से उड़ी रकम में से ₹1,69,482.48 को फ्रीज कराकर सुरक्षित वापस दिला दिया गया। मामला ओबरा मार्केट निवासी दिलीप कुमार जायसवाल से जुड़ा है। उन्होंने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के मुताबिक, जब वे अपना फेसबुक अकाउंट चला रहे थे, तब उनकी स्क्रीन पर पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के नाम से बैलेंस चेक करने का एक विज्ञापन और लिंक दिखाई दिया। चूंकि दिलीप कुमार का खाता इसी बैंक में था, इसलिए उन्होंने इस लिंक को बैंक की आधिकारिक सेवा मान लिया। जैसे ही उन्होंने लिंक खोला, झांसे में आकर अपनी बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारियां वहां साझा कर दीं। जानकारी हाथ लगते ही साइबर अपराधियों ने इंटरनेट बैंकिंग में सेंध लगाई और उनके खाते से देखते ही देखते ₹1,70,000 की मोटी रकम पार कर दी। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत टीम तुरंत हरकत में आई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) व नोडल साइबर क्राइम ऋषभ रुणवाल के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी पिपरी व सहायक नोडल साइबर क्राइम हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में ओबरा पुलिस और साइबर सेल ने मोर्चा संभाला। प्रभारी निरीक्षक सदानन्द राय के नेतृत्व में साइबर हेल्प डेस्क के कांस्टेबल पंकज कुमार व अन्य एक्सपर्ट्स ने तकनीकी विश्लेषण (Technical Analysis) शुरू किया। टीम ने बिना वक्त गंवाए संबंधित बैंक और वित्तीय संस्थाओं से ई-मेल के जरिए संपर्क साधा और अपराधियों के खातों को ट्रैक कर पैसे को आगे ट्रांसफर होने से रोक दिया।
पुलिस की इसी गोल्डन ऑवर (घटना के तुरंत बाद के शुरुआती घंटे) की मुस्तैदी के चलते अपराधियों के खाते में मौजूद ₹1,69,482.48 की धनराशि को तुरंत होल्ड (फ्रीज) करा दिया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद यह पूरी रकम सुरक्षित पीड़ित दिलीप कुमार जायसवाल के मूल बैंक खाते में वापस ट्रांसफर करा दी गई है। अपनी डूबी रकम वापस पाकर पीड़ित ने सोनभद्र पुलिस का आभार जताया है।
ओबरा में फेसबुक लिंक से ₹1.70 लाख की साइबर ठगी सोनभद्र पुलिस की मुस्तैदी से 24 घंटे में वापस आई रकम
Related Posts
Add A Comment

