अनपरा/सोनभद्र। नगर पंचायत अनपरा के वार्ड नंबर 08 में लोक निर्माण विभाग की लापरवाही और कछुआ गति से चल रहे विकास कार्यों को लेकर स्थानीय जनता का आक्रोश सातवें आसमान पर है। मुख्य मार्ग मामूआर व मुड़ी सेमर संपर्क मार्ग पर विभाग द्वारा कराए जा रहे पुल निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार के कारण पूरे क्षेत्र का आवागमन ठप होने के कगार पर पहुंच गया है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को रोज भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुल निर्माण में हो रही इस लेटलतीफी और जनता की परेशानी को देखते हुए स्थानीय जागरूक नागरिक सूरज भारती ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की ऑनलाइन शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता सूरज भारती ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि इस महत्वपूर्ण पुल के निर्माण कार्य में और देरी की जाती है, तो इससे उत्पन्न होने वाली किसी भी विकट परिस्थिति और अव्यवस्था की सारी जवाबदेही शासन व संबंधित प्रशासन की होगी। आपको बताते चलें कि मामूआर व मुड़ी सेमर संपर्क मार्ग इस क्षेत्र की लाइफलाइन माना जाता है। इस मुख्य मार्ग से दर्जनों ग्रामीण इलाके जुड़े हुए हैं। इन गांवों के सैकड़ों ग्रामीण और छोटे-छोटे स्कूली बच्चे प्रतिदिन इसी मार्ग से होकर अनपरा और मुख्य बाजारों की तरफ आते-जाते हैं। पुल का काम अधूरा और खुला पड़े होने के कारण, विशेष रूप से बरसात के इस मौसम में राहगीरों और दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा काफी बढ़ गया है। रास्ता बाधित होने से बच्चों को स्कूल जाने में भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार और संबंधित अधिकारी इस जनहित के कार्य को लेकर पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं। क्षेत्र की जनता ने जिलाधिकारी सोनभद्र और पीडब्ल्यूडी के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर पुल निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए, ताकि स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को इस नारकीय व्यवस्था से जल्द से जल्द निजात मिल सके।


