गाजीपुर। खबरों के माध्यम से समाज की आवाज़ बनने वाले पत्रकारों ने इस बार मानवता की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। राष्ट्रीय पत्रकार परिषद गाजीपुर के जिला महामंत्री गगन सिंह और परिषद के सक्रिय सदस्य दिलशाद खान ने एक पत्रकार की गंभीर रूप से बीमार मां के लिए समय पर रक्तदान कर उन्हें नया जीवन देने का प्रयास किया।
अस्पताल में रक्त की तत्काल आवश्यकता की सूचना मिलते ही दोनों युवा पत्रकार बिना किसी देर के रक्तदान केंद्र पहुंचे और स्वेच्छा से रक्तदान किया। उनके इस मानवीय कदम से जरूरतमंद मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध हो सका। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों, परिजनों और पत्रकार साथियों ने इस सेवा भाव की सराहना की।
विशेष बात यह है कि दोनों युवा पत्रकार अब तक 17वीं बार स्वैच्छिक रक्तदान कर चुके हैं। उनका मानना है कि “रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए नई जिंदगी की उम्मीद बन सकता है।” उन्होंने युवाओं से अपील की कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और आपका एक छोटा-सा प्रयास किसी परिवार की खुशियां लौटाने का कारण बन सकता है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय पत्रकार परिषद गाजीपुर के जिला अध्यक्ष पुनित कुमार त्रिपाठी ने दोनों युवा पत्रकारों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे श्रेष्ठ मानवीय सेवा है। रक्त का निर्माण किसी फैक्ट्री में नहीं हो सकता, इसे केवल एक स्वस्थ व्यक्ति ही दान कर सकता है। इसलिए प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता के इस महायज्ञ में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिला महामंत्री गगन सिंह और सक्रिय सदस्य दिलशाद खान ने यह साबित कर दिया है कि सच्चा पत्रकार केवल कलम से समाज का मार्गदर्शन नहीं करता, बल्कि जरूरत पड़ने पर अपने कर्मों से भी मानवता की मिसाल कायम करता है। दोनों साथियों द्वारा लगातार 17वीं बार रक्तदान करना पूरे समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। राष्ट्रीय पत्रकार परिषद गाजीपुर को अपने ऐसे समर्पित साथियों पर गर्व है।
अंत में जिला अध्यक्ष ने पत्रकार साथियों को समर्पित इन पंक्तियों के साथ दोनों रक्तवीरों का उत्साहवर्धन किया—
“जो सच की राह में हर पल कलम उठाते हैं,ज़रूरत पड़े तो अपना लहू भी दे जाते हैं।यही है असली पहचान पत्रकार साथियों की,जो हर दर्द में इंसानियत का फ़र्ज़ निभाते हैं।”
राष्ट्रीय पत्रकार परिषद ने जिले के युवाओं से अधिक से अधिक स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान केवल किसी की जान बचाने का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता के प्रति सबसे बड़ा सामाजिक दायित्व भी है।

