सोनभद्र (15 जुलाई 2026)। नारी शक्ति का करें सम्मान, तभी बनेगा देश महान। इसी मूल मंत्र के साथ महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के अंतर्गत जनपद में एक व्यापक एवं प्रभावी जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, अभिषेक वर्मा के कुशल निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर समाज के सभी वर्गों को जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाना और समाज में उनके प्रति सम्मानजनक माहौल तैयार करना है। इस अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित प्रमुख सामाजिक विषयों—जैसे लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह की रोकथाम, लैंगिक शोषण, महिलाओं एवं बच्चों के प्रति होने वाली हिंसा, साक्षरता एवं उनके स्वास्थ्य पर विशेष रूप से प्रकाश डाला जा रहा है। जनपद के समस्त थानों की समर्पित मिशन शक्ति टीमों द्वारा विभिन्न शिक्षण संस्थानों (विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग सेंटरों), व्यस्त बाजारों तथा ग्राम सभाओं में जाकर सीधे संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बालिकाओं को गुड टच-बैड टच के बारे में जागरूक किया जा रहा है।आत्मरक्षा (Self-Defence) के व्यावहारिक उपाय सिखाए जा रहे हैं।महिला उत्पीड़न से संबंधित विधिक अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। वर्तमान समय में बढ़ते डिजिटल फ्रॉड को देखते हुए मिशन शक्ति टीमें महिलाओं और छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति भी विशेष रूप से सचेत कर रही हैं। संवाद के दौरान उन्हें बताया जा रहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना OTP (वन टाइम पासवर्ड) या बैंक विवरण साझा न करें।सोशल मीडिया पर प्राइवेसी सेटिंग्स का ध्यान रखें और किसी भी फर्जी लिंक या कॉल के झांसे में न आएं।सोशल मीडिया के दुरुपयोग और ब्लैकमेलिंग जैसी स्थितियों में घबराए बिना तुरंत पुलिस की मदद लें। सोनभद्र पुलिस ने महिलाओं और आमजन की त्वरित सहायता के लिए निम्नलिखित आपातकालीन और सरकारी हेल्पलाइन नंबरों को याद रखने तथा किसी भी विपरीत परिस्थिति में बेझिझक इनका उपयोग करने की अपील की है।आपातकालीन सेवा (पुलिस सहायता)📞 112
महिला सुरक्षा हेल्पलाइन📞 1090 / 1091
महिला हेल्पलाइन📞 181
साइबर अपराध हेल्पलाइन📞 1930
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन📞 1076 पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ होने वाले किसी भी प्रकार के अपराध या उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस हर कदम पर नारी सुरक्षा और उनके सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर जिले भर में चलाया जा रहा व्यापक जनजागरूकता अभियान
Related Posts
Add A Comment

