रसड़ा (बलिया)। स्थानीय शिक्षा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय बालीपुर जमाल में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण प्रेमी अमित सिंह ‘डीसी’ के विशेष सहयोग से विद्यालय परिसर में विभिन्न औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से पीपल, जो 24 घंटे ऑक्सीजन देने के लिए प्रसिद्ध है, तथा औषधीय गुणों से भरपूर मौलश्री के पौधे लगाए गए। पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पौधे के चारों ओर मजबूत लोहे की जाली (ट्री-गार्ड) लगाई गई, ताकि उन्हें पशुओं और अन्य संभावित नुकसान से बचाया जा सके।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार गुप्ता तथा सहायक अध्यापक अरविंद कुमार सिंह ‘राजा’, गणेश यादव, बलवंत सिंह और शैलेंद्र यादव की देखरेख में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने पौधों की नियमित देखभाल और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पर्यावरण प्रेमी अमित सिंह ‘डीसी’ ने कहा, “पेड़ केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि ये धरती का श्रृंगार और हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

