संवाददाता गाजीपुर। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा घोषित NEET-UG 2026 के परिणाम में जखनियां तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा मुड़ियारी की प्रतिभाशाली छात्रा रिया सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। रिया ने 720 अंकों में से 646 अंक प्राप्त करते हुए 98.8451236 प्रतिशतक स्कोर हासिल किया। उन्हें अखिल भारतीय रैंक (AIR) 6123 तथा सामान्य वर्ग में 2680वीं रैंक प्राप्त हुई है।
जारी स्कोर कार्ड के अनुसार रिया सिंह ने भौतिक विज्ञान में 130 अंक, रसायन विज्ञान में 156 अंक तथा जीवविज्ञान (वनस्पति विज्ञान एवं प्राणी विज्ञान) में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे 360 अंक अर्जित किए। इस प्रकार उनका कुल स्कोर 646 अंक रहा।
रिया सिंह की इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। उनके पिता अरविंद प्रताप सिंह, माता रेनू सिंह तथा चाचा अजीत सिंह ‘मंटू’ ने इस उपलब्धि का श्रेय रिया की कड़ी मेहनत, अनुशासित अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर रिया ने यह मुकाम हासिल किया है।
रिया की सफलता पर परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। बताया जाता है कि रिया का सपना एक कुशल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करना है।
रिया सिंह की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को भी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।

