संवाददाता जखनिया (गाजीपुर)। जखनिया तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस शनिवार को जनसमस्याओं के बड़े मंच के रूप में सामने आया। रिमझिम बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की मौजूदगी से लोगों में समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी, लेकिन भारी भीड़ के कारण प्रशासनिक व्यवस्था पर भी दबाव साफ दिखाई दिया।
भीड़ के आगे छोटी पड़ी व्यवस्था
समाधान दिवस में इतनी भीड़ उमड़ी कि सभागार के भीतर खड़े होने तक की जगह नहीं बची। पुलिसकर्मियों को व्यवस्था बनाए रखने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता राममूर्ति बासफोर, विजय उर्फ डब्लू गुप्ता, अजय सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। हालांकि भीड़ अधिक होने के कारण बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्या सीधे जिलाधिकारी के समक्ष नहीं रख सके।
डीएम ने सुनी समस्याएं, लापरवाही पर जताई सख्ती
दोपहर करीब 12:40 बजे पहुंचे जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने लगभग ढाई घंटे तक फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
2018 के एक बेदखली आदेश के अनुपालन में लापरवाही बरतने के मामले में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। वहीं बहरियाबाद क्षेत्र के उकराव गांव में नाली पैमाइश तथा जिला पंचायत सदस्य रामकिशुन सोनकर की भूमि से जुड़े विवाद के मामलों में टीम गठित कर मौके पर निस्तारण कराने का आदेश दिया।
फरियादियों की पीड़ा भी आई सामने
समाधान दिवस में कई ऐसे मामले भी सामने आए जिन्होंने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। हरदासपुर कला से आया एक शत-प्रतिशत दिव्यांग व्यक्ति अपने परिजनों के सहारे शिकायत लेकर पहुंचा। वहीं दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के चुरामनपुर गांव की उर्मिला राजभर घायल अवस्था में समाधान दिवस में पहुंचीं और पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया।
कई बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांगजन घंटों कतार में खड़े रहे। कुछ लोग अपनी शिकायत दर्ज कराने में सफल रहे, जबकि कई फरियादी समयाभाव के कारण निराश होकर लौट गए।
अधिकारियों की मौजूदगी में चला समाधान का सिलसिला
दोपहर लगभग 2:10 बजे जिलाधिकारी के मुख्यालय के लिए रवाना होने तक पुलिस अधीक्षक इरज राजा, उपजिलाधिकारी अतुल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में जुटे रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर यह साबित किया कि आमजन आज भी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक मंचों से बड़ी उम्मीदें लगाए हुए हैं।
जखनिया समाधान दिवस में उमड़ा जनसैलाब: बारिश में भी न्याय की आस लिए पहुंचे फरियादी, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
Related Posts
Add A Comment

