सोनभद्र, /21 जुलाई 2026 मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) कार्यालय के सभागार में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी की अध्यक्षता में पीएम-राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को जीवन रक्षा के सबसे महत्वपूर्ण गोल्डन आवर (दुर्घटना के ठीक बाद का पहला घंटा) में त्वरित और कैशलेस (मुफ्त) चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराना है। कार्यशाला को संबोधित करते हुए अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रेम नाथ ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों तथा शहरी क्षेत्रों में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की जान बचाना इस योजना की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क दुर्घटना के बाद ‘गोल्डन आवर’ में यदि पीड़ित को सही डॉक्टरी इलाज मिल जाए, तो अधिकतर लोगों की जान बचाई जा सकती है। पीएम-राहत योजना के तहत बिना किसी वित्तीय बाधा के घायलों का तुरंत और बिना पैसे (कैशलेस) इलाज सुनिश्चित किया जाएगा।क्षेत्राधिकारी परिवहन राज सोनकर ने योजना की सफलता के लिए सभी संबंधित विभागों के आपसी तालमेल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग और एम्बुलेंस सेवाओं के बीच त्वरित समन्वय से ही इस योजना का लाभ पात्र व्यक्ति तक समय से पहुँच सकेगा। कार्यशाला में चिह्नित निजी अस्पतालों के कंप्यूटर ऑपरेटरों को पोर्टल संचालन की बारीकियां सिखाई गईं। TMS पोर्टल एवं e-DAR पोर्टल दुर्घटना का डेटा दर्ज करने, पीड़ित के क्लेम और अस्पताल के बिलिंग तथा कैशलेस इलाज की त्वरित स्वीकृति हेतु पोर्टलों के संचालन का प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दिया गया। 112 हेल्पलाइन और इमरजेंसी रिस्पॉन्स आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली (112) के माध्यम से पीड़ित तक एम्बुलेंस और त्वरित चिकित्सा सहायता कैसे पहुँचानी है, इसकी पूरी कार्यप्रणाली से उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत कराया गया। कार्यशाला में स्वास्थ्य, पुलिस, परिवहन और आईटी विभाग के प्रमुख अधिकारियों ने भाग लिया डॉ. प्रेम नाथ (अपर मुख्य चिकित्साधिकारी)
राज सोनकर (क्षेत्राधिकारी परिवहन)
डॉ. सुमन कुमार (उप मुख्य चिकित्साधिकारी)
नरेन्द्र कुमार सिंह (प्रभारी निरीक्षक, यातायात)
मो. सैफ (डीआरएम, एनआईसी सोनभद्र)
विभिन्न थानों के उपनिरीक्षक तथा चिह्नित निजी अस्पतालों के कंप्यूटर ऑपरेटर व अन्य संबंधित कर्मचारी। कार्यक्रम का समापन उपस्थित सभी अधिकारियों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त कर किया गया।
पीएम-राहत योजना पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित, दुर्घटना पीड़ितों को गोल्डन आवर में मिलेगा कैशलेस इलाज
Related Posts
Add A Comment

