सोनभद्र (28 जुलाई 2026) । जनपद में औद्योगिक निवेश को नई रफ्तार देने, स्थानीय रोजगार के साधन बढ़ाने और निवेशकों के सामने आ रही समस्याओं के त्वरित व समयबद्ध समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में प्रस्तावित औद्योगिक परियोजनाओं, निवेश प्रोत्साहन प्रकरणों, भूमि उपलब्धता, बैंकिंग प्रणाली और विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय की गहन समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि सोनभद्र को प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की गई है। एक्सप्रेसवे के निकट दुद्धी तहसील के बभनी ब्लॉक में 1000 हेक्टेयर भूमि का चिन्हांकन कर एकीकृत विनिर्माण एवं लॉजिस्टिक क्लस्टर (Integrated Manufacturing & Logistics Cluster – IMLC) की स्थापना हेतु शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से जनपद में बड़े औद्योगिक निवेश आकर्षित होंगे और स्थानीय आदिवासी व पिछड़े क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे।जिलाधिकारी ने औद्योगिक विकास योजनाओं को गति देने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी उप जिलाधिकारी (SDM) रॉबर्ट्सगंज को निर्देशित किया गया कि पुनर्ग्रहण (Re-possession) का प्रस्ताव तुरंत तैयार कर एमएसएमई (MSME) विभाग को भूमि हस्तांतरण की समस्त प्रक्रिया समय सीमा के भीतर पूरी कराएं। उद्यमी मित्र के माध्यम से उठाए गए मुद्दों पर चर्चा करते हुए ग्रीनको ग्रुप (Greenko Group) से संबंधित भूमि सीलिंग रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने तथा JSW परियोजना की संयुक्त जांच आख्या एक सप्ताह के भीतर पेश करने हेतु SDM सदर व वन विभाग को निर्देश दिए। बैठक में बैंकिंग सेवाओं की समीक्षा के दौरान बैंकों में आवश्यक ऋण चेकलिस्ट नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित न होने पर जिलाधिकारी ने अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की। LDM को कड़े निर्देश दिए गए कि दो दिवस के भीतर जनपद के सभी बैंक शाखाओं में ऋण संबंधी आवश्यक चेकलिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए ताकि उद्यमियों और आम नागरिकों को भटकना न पड़े। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लंबित ऋण आवेदनों को बिना किसी अनावश्यक विलंब के प्राथमिकता पर स्वीकृत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) जागृति अवस्थी, प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) रॉबर्ट्सगंज आशुतोष कुमार, DFO ओबरा दिलीप तिवारी, SDM सदर आशीष कुमार त्रिपाठी, सहायक आयुक्त उद्योग विजय कुमार, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, उद्यमी मित्र नितिन प्रकाश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय उद्योगपति/व्यापारीगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सोनभद्र जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की बैठक संपन्न बभनी में 1000 हेक्टेयर में बनेगा विशाल औद्योगिक हब
Related Posts
Add A Comment

