सोनभद्र (28 जुलाई 2026)। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर को बेहतर बनाने, मातृ एवं शिशु देखभाल प्रणाली को सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण व शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं के कायाकल्प को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने जनपद के समस्त चिकित्सा अधीक्षकों (MOIC) को सख्त निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके लिए जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) पर आवश्यक चिकित्सीय संसाधनों की उपलब्धता तथा आधारभूत संरचना (Infrastructure) का मजबूत होना अत्यंत अनिवार्य है। सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, आईसीडीएस (ICDS), पंचायती राज विभाग, नगरपालिका एवं नगर पंचायतों के जनपद व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने का निर्देश दिया।जनपद में होने वाली प्रत्येक डिलीवरी की प्रभावी ट्रैकिंग सुनिश्चित की जाए। यह स्पष्ट होना चाहिए कि प्रसव सरकारी अस्पतालों में हो रहा है या निजी चिकित्सालयों में। आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं के माध्यम से सभी गर्भवती महिलाओं का ब्योरा संकलित कर उनसे नियमित संपर्क बनाए रखा जाए। लक्ष्य के सापेक्ष एएनसी (ANC) पंजीकरण और प्रसव के आंकड़ों में तत्काल सुधार लाया जाए। प्रत्येक माह होने वाली मातृ मृत्यु एवं शिशु मृत्यु का गहन ऑडिट कराया जाए तथा उसकी लाइन लिस्ट व ऑडिट रिपोर्ट नियमित रूप से समिति के समक्ष प्रस्तुत की जाए। प्रत्येक स्वास्थ्य इकाई (CHC/PHC) पर बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। सफाई के लिए तैनात कर्मियों या एजेंसी के कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित आउटसोर्सिंग एजेंसी को सूचित कर उन्हें तत्काल हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाए। जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO ICDS) को निर्देशित किया गया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) की टीमें नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्रों का भ्रमण कर बच्चों के स्वास्थ्य का गहन परीक्षण करें। जिला स्वास्थ्य समिति की इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. रमेश मिश्रा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (ACMO) डॉ. गुलाब शंकर, जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) विनीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के जनपद व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सोनभद्र जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सीएचसी की मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ करने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी ने की समीक्षा
Related Posts
Add A Comment

