गाजीपुर। विकास खण्ड गाजीपुर क्षेत्र के सेमरा ग्राम पंचायत में वृक्षारोपण अभियान को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गुड्डू राम द्वारा वृक्षारोपण के लिए आए सैकड़ों पौधों को अपने घर के सामने रखवा दिया गया, जिससे समय पर रोपण न होने के कारण बड़ी संख्या में पौधे खराब हो रहे हैं।
गौरतलब है कि शासन के निर्देशानुसार विकास खण्ड की सभी ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराया जाना है। इसके लिए पौधे उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ हरित क्षेत्र का विस्तार किया जा सके। लेकिन सेमरा ग्राम पंचायत में इस योजना के क्रियान्वयन पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पौधों का समय पर रोपण नहीं कराया गया, जिससे सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग हुआ है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह लाखों रुपये की सरकारी योजना के प्रति गंभीर लापरवाही का मामला माना जाएगा।
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत सचिव की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सचिव द्वारा अब तक मौके का निरीक्षण नहीं किया गया, जबकि पौधे लंबे समय से खुले में पड़े हुए हैं और खराब हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा शीघ्र पौधारोपण सुनिश्चित कराने की मांग की है।
सेमरा ग्राम पंचायत में वृक्षारोपण योजना पर सवाल, सैकड़ों पौधे घर के सामने पड़े-पड़े हुए खराब
Related Posts
Add A Comment

