सोनभद्र ब्यूरो । जनपद सोनभद्र में सोन पंप कैनाल के माध्यम से आमजन को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग एवं सिंचाई विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट किया कि सोन पंप कैनाल में विद्युत आपूर्ति एवं वोल्टेज से संबंधित तकनीकी समस्याओं के कारण पेयजल आपूर्ति किसी भी दशा में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को कड़े लहजे में निर्देशित किया कि वोल्टेज से संबंधित सभी तकनीकी खामियों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निराकरण कराया जाए। पंपों का संचालन निरंतर और सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जाए ताकि आम नागरिकों को समय पर पेयजल उपलब्ध हो सके। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि जनपद में नागरिकों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराना शासन व प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या व्यवधान कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विद्युत एवं सिंचाई विभाग को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी तकनीकी गड़बड़ी या फॉल्ट की सूचना मिलते ही त्वरित गति से उसका समाधान कराया जाए। सिंचाई विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नहरों का संचालन शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से कराया जाए, ताकि किसानों की सिंचाई और पेयजल व्यवस्था दोनों बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से संचालित होती रहें। उक्त बैठक में विद्युत विभाग एवं सिंचाई विभाग के समस्त अधिशासी अभियंता (XEN) तथा संबंधित विभागीय अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सोनभद्र सोन पंप कैनाल से निर्बाध पेयजल आपूर्ति हेतु विद्युत समस्या का तत्काल करें समाधान— जिलाधिकारी
Related Posts
Add A Comment

