सोनभद्र ब्यूरो । जनपद सोनभद्र में आगामी स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान-2026 को अभूतपूर्व और जनआंदोलन का रूप देने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों एवं विभागाध्यक्षों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की और अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं नागरिक कर्तव्य की भावना को सुदृढ़ करने का पवित्र जनआंदोलन है। उन्होंने स्पष्ट किया अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ एक राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मनाया जाए। ग्राम पंचायतों, विकास खंडों एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रत्येक घर तक समयबद्ध ढंग से तिरंगा पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों (SHGs) द्वारा तैयार किए जा रहे राष्ट्रीय ध्वज पूरी तरह गुणवत्तापूर्ण होने चाहिए। तैयार ध्वजों का समय पर पारदर्शी वितरण कराया जाए ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ा जा सके। स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित ध्वजों के समयबद्ध और पारदर्शी भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि राष्ट्रध्वज फहराते समय भारतीय ध्वज संहिता के नियमों और गरिमा का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने तिरंगा फहराते समय निम्नलिखित सावधानियों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। झंडा आयताकार होना चाहिए और उसकी लंबाई व चौड़ाई का अनुपात 3:2 होना चाहिए। फहराते समय हमेशा केसरिया रंग ऊपर रहेगा।राष्ट्रध्वज किसी भी स्थिति में जमीन, पानी या फर्श को नहीं छूना चाहिए। फटा, गंदा, मैला या किसी भी प्रकार से क्षतिग्रस्त तिरंगा फहराना पूर्णत वर्जित है। तिरंगे के ऊपर कुछ भी लिखना, छापना या चित्र बनाना प्रतिबंधित है। साथ ही इसका उपयोग किसी टेबल, वाहन, मंच, मूर्ति या वस्तु को ढकने के लिए नहीं किया जा सकता। किसी भी अन्य झंडे को तिरंगे से ऊपर या उससे अधिक सम्मानजनक स्थान पर नहीं लगाया जा सकता। वर्तमान संशोधनों के अनुसार यदि तिरंगे को सम्मानपूर्वक और गरिमा के साथ प्रदर्शित किया गया है, तो उसे दिन और रात दोनों समय फहराया जा सकता है। ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के समय सभी नागरिक और अधिकारी सावधान की मुद्रा में खड़े होकर राष्ट्रध्वज एवं राष्ट्रगान का पूर्ण सम्मान व अनुशासन बनाए रखें।
सोनभद्र हर घर तिरंगा अभियान-2026 को सफल बनाने हेतु कलेक्ट्रेट में हुई बैठक जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
Related Posts
Add A Comment

