ओबरा/सोनभद्र । नगर पंचायत ओबरा में विकास कार्यों को नई रफ्तार देने और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ नवागत अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी ने शनिवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यालय पहुँचते ही नगर पंचायत कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। इसके उपरांत नगर पंचायत के लिपिक सुधांशु मिश्रा ने ज्वाइनिंग की सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी कराईं।
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद नवागत अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने नगर पंचायत के लिपिकों, सफाई नायकों एवं समस्त कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि नगर पंचायत कार्यालय में आने वाले प्रत्येक आम नागरिक की समस्या का न्यायसंगत और समयबद्ध समाधान होना चाहिए। नागरिकों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए दफ्तर का चक्कर न काटना पड़े। अपनी प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए नवागत ईओ आशुतोष त्रिपाठी ने कहा ओबरा नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और सर्वसुविधायुक्त बनाना हमारी पहली प्राथमिकता होगी। नगर में नियमित साफ-सफाई, शुद्ध व निर्बाध पेयजल आपूर्ति और सभी प्रमुख मार्गों तथा वार्डों में बेहतरीन स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कड़े लहजे में चेतावनी दी कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता और बिना किसी विलंब के पहुँचना चाहिए। विकास कार्यों एवं शासकीय दायित्वों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पदभार ग्रहण व बैठक के दौरान मुख्य रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सरवन कुमार पासवान, लिपिक सुधांशु मिश्रा सहित नगर पंचायत के समस्त कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नवागत ईओ का स्वागत करते हुए ओबरा के विकास में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
ओबरा नगर पंचायत ओबरा के विकास के सहयोगी बने आशुतोष त्रिपाठी नवागत ईओ ने संभाला पदभार
Related Posts
Add A Comment

