फेफना, बलिया। थाना फेफना पुलिस ने नाबालिग के अपहरण और पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। मामले में अपहृत किशोरी को पुलिस पहले ही सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर चुकी है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार तथा थानाध्यक्ष फेफना अखिलेश चन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को पीड़िता के भाई ने थाना फेफना में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बहन को 7 जुलाई 2026 को रवि राजभर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इस संबंध में थाना फेफना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर उसके बयान दर्ज किए। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(m) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5L/6 भी बढ़ाई गई।
शनिवार सुबह उपनिरीक्षक सुरेन्द्र नाथ अपनी टीम के साथ फेफना तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सिहाचौर मोड़ से वांछित आरोपी रवि राजभर (20 वर्ष) पुत्र बिहारी राजभर, निवासी ग्राम सुल्तानपुर (पक्काकोट), थाना फेफना, जनपद बलिया को गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र नाथ, कांस्टेबल विक्की यादव तथा आरक्षी गोविंद प्रजापति शामिल रहे।
फेफना पुलिस ने नाबालिग के अपहरण व पॉक्सो एक्ट के आरोपी को किया गिरफ्तार
Related Posts
Add A Comment

