मनिहारी (गाजीपुर)। श्रावण मास के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत यूसुफपुर से नवयुवक बोलबम कांवरियां संघ का लगभग 60 श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बैजनाथ धाम के लिए श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुआ। गांव में वर्ष 1970 से चली आ रही कांवड़ यात्रा की परंपरा आज भी पूरी आस्था के साथ निभाई जा रही है।
बेद-शास्त्रों के अनुसार श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का सर्वोत्तम समय माना गया है। इस पावन अवसर पर गांव में भक्ति का माहौल देखने को मिला। वरिष्ठ समाजसेवी एवं प्रधान पद के उम्मीदवार कमलाकर सिंह “झब्बू” (अवकाश प्राप्त सूबेदार, भारतीय सेना) के नेतृत्व में पिछले एक दशक से नवयुवक बोलबम कांवरियां संघ इस यात्रा का सफल संचालन कर रहा है।
रवाना होने से पूर्व सभी श्रद्धालुओं ने गांव के प्रमुख धार्मिक स्थलों टंडेश्वर महादेव धाम (टंडा वीर बाबा), झारखंडे महादेव धाम तथा बंशीधर ब्रह्म बाबा के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान गांव की बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे “बोल बम” एवं “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं को विदा करने पहुंचे, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
यात्रा में शामिल श्रद्धालु पहले काशी विश्वनाथ मंदिर, वाराणसी में जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद बिहार के सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल कांवर में लेकर लगभग 120 किलोमीटर की पैदल यात्रा तय करते हुए झारखंड स्थित बाबा बैजनाथ धाम (देवघर) पहुंचेंगे, जहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
यात्रा में प्रमुख रूप से ओमप्रकाश गुप्ता, जितेंद्र वर्मा, अनिल दुबे, अजय सिंह, पंकज दुबे, कप्तान दुबे, श्याम निषाद, कन्हैया गुप्ता, पधोरन गुप्ता, आकाश सिंह, धनंजय वर्मा, तीर्थराज सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हैं।
ग्रामीणों ने सभी कांवरियों की मंगलमय यात्रा और सकुशल वापसी की कामना करते हुए बाबा भोलेनाथ से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
1970 से चली आ रही परंपरा का निर्वहन, बाबा बैजनाथ धाम के लिए रवाना हुआ नवयुवक कांवरियां संघ का जत्था
Related Posts
Add A Comment

