रॉबर्ट्सगंज/सोनभद्र
जनपद सोनभद्र की ग्राम पंचायतों में बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और ग्रामीण विकास को गति देने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने विकास खंड रॉबर्ट्सगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत अरंगी में पंचायत उत्सव भवन के निर्माण हेतु ₹141.00 लाख (1.41 करोड़ रुपये) की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस बहुउद्देश्यीय भवन के निर्माण से ग्राम पंचायत स्तर पर बड़े सामाजिक, सांस्कृतिक, सार्वजनिक व प्रशासनिक आयोजनों के लिए ग्रामीणों को एक आधुनिक व सुव्यवस्थित मंच उपलब्ध हो सकेगा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि पंचायत उत्सव भवन का निर्माण शासन द्वारा तय किए गए मानकों के अनुरूप पूरी तरह पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध सीमा के भीतर कराया जाए। निर्माण कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निम्नलिखित व्यवस्थाएं अनिवार्य की गई हैं। कार्यस्थल पर परियोजना की लागत, कार्यदायी संस्था व विवरण संबंधी सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाया जाएगा।निर्माण कार्य की शुरुआत (प्रारंभिक), मध्य चरण और अंतिम चरण (पूर्णता) की अनिवार्य रूप से जियो-टैगिंग कराई जाएगी। कार्य की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का नियमित एवं सटीक अभिलेखीकरण सुनिश्चित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सख्त हिदायत दी है कि स्वीकृत डीपीआर (DPR) एवं तकनीकी मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता या वित्तीय/तकनीकी अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित संस्था और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई करते हुए जवाबदेही तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूर्ण कराया जाए। पंचायत उत्सव भवन बनने से अरंगी और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को शादी-विवाह, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, ग्राम सभा की बैठकों व प्रशासनिक गतिविधियों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और गांव में ही सर्वसुविधायुक्त परिसर उपलब्ध रहेगा।
सोनभद्र ग्राम पंचायत अरंगी में 1.41 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा पंचायत उत्सव भवन DM चर्चित गौड़ ने दी प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति
Related Posts
Add A Comment

