मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क एवं जनसेवा अभियान के तहत युवा नेता पीयूष राय ने विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। “आपका बेटा, आपका सेवक–आपके द्वार” और “गांव चलो अभियान” के तहत आयोजित जनचौपाल में उन्होंने ग्रामीणों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
अभियान के दौरान पीयूष राय ने गांव-गांव पहुंचकर लोगों से बातचीत की और सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने अपने गांव की मूलभूत सुविधाओं और विकास से संबंधित मुद्दों को प्रमुखता से उनके सामने रखा।
पीयूष राय ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है।
जनचौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा, वरिष्ठ नागरिक एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। ग्रामीणों ने गांव में पहुंचकर सीधे उनकी समस्याएं सुनने के लिए पीयूष राय के प्रयास की सराहना की।
इस अवसर पर पीयूष राय ने कहा कि जनसेवा ही उनका संकल्प है। विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक पहुंचकर जनता की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा। क्षेत्र के विकास, बेहतर मूलभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की बात भी उन्होंने कही।

