रॉबर्ट्सगंज/सोनभद्र। रीना राय रिपोर्टर ।
भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् की 150वीं जयंती के ऐतिहासिक अवसर पर देशभर में विविध देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में वन्दे मातरम् के तृतीय चरण के साथ हर घर तिरंगा अभियान-2026 को सम्पूर्ण जनपद में उत्सव के रूप में मनाए जाने की शुरुआत हो चुकी है। यह अभियान 09 से 15 अगस्त, 2026 तक पूरे देश में भौतिक एवं डिजिटल दोनों माध्यमों से व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज पीएम श्री राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज, सोनभद्र में राष्ट्रप्रेम और देश भक्ति की भावना से ओत-प्रोत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने एक स्वर और लय में राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् का भव्य सामूहिक गायन किया। छात्राओं के सुरीले और ओजस्वी गायन से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव और उत्साह से सराबोर हो उठा। इस अवसर पर बालिकाओं ने राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा, समर्पण और सम्मान का अभूतपूर्व संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) जयराम सिंह, विद्यालय की प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने हर घर तिरंगा अभियान-2026 के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। उपस्थित अधिकारियों व शिक्षकों ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे और राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व तथा इनके प्रति प्रत्येक नागरिक के कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। हर घर तिरंगा अभियान-2026 का मुख्य ध्येय नागरिकों में आन-बान-शान के प्रतीक राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है। प्रशासन व विद्यालय परिवार ने जनपदवासियों से अपील की है कि 09 से 15 अगस्त के बीच सभी नागरिक अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं तथा ऑनलाइन पोर्टल व डिजिटल माध्यमों के जरिए भी अपनी सेल्फी अपलोड कर इस राष्ट्रीय उत्सव से सक्रिय रूप से जुड़ें।
सोनभद्र पीएम श्री राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज में गूंजा वन्दे मातरम् हर घर तिरंगा अभियान-2026 का भव्य शुभारंभ
Related Posts
Add A Comment

