ओबरा/सोनभद्र। । सोनभद्र जिले के ओबरा तहसील क्षेत्र अंतर्गत बिल्ली मारकुंडी ग्राम सभा के खैरटिया टोले में बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय उमाशंकर सिंह की स्मृति में एक भावुक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय समर्थकों ने स्वर्गीय विधायक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय उमाशंकर सिंह के जीवन संघर्ष, जनसेवा, पार्टी के प्रति अटूट निष्ठा और समाज कल्याण में उनके अविस्मरणीय योगदान को याद किया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश कुमार ने कहा कि स्वर्गीय उमाशंकर सिंह गरीबों, वंचितों, जरूरतमंदों और बेटियों के सच्चे संरक्षक व हितैषी थे। समाज के हर वर्ग के प्रति उनका समर्पण और सेवा भाव अनुकरणीय रहा है। उनका असमय निधन संपूर्ण समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है और वे अपने सामाजिक कार्यों के माध्यम से सदैव जन-जन के दिलों में जीवित रहेंगे। बसपा के पूर्व जिला महासचिव संजय कनौजिया ने स्वर्गीय विधायक को नमन करते हुए कहा कि उमाशंकर सिंह ने बहुजन समाज के साथ-साथ सर्वसमाज के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। उनके एक महत्वपूर्ण और महान कार्य का स्मरण कराते हुए उन्होंने बताया कि जब क्षेत्र में ट्रॉमा सेंटर निर्माण के लिए सरकार को भूमि उपलब्ध कराने में गंभीर अड़चनें आ रही थीं, तब स्वर्गीय उमाशंकर सिंह ने उदारता दिखाते हुए अपनी निजी जमीन दान में दे दी और जनहित में ट्रॉमा सेंटर के निर्माण का रास्ता साफ किया। उनका यह कार्य हमेशा याद रखा जाएगा। संजय कनौजिया ने आगे कहा कि बसपा सुप्रीमो बहन कुमारी मायावती जी और संपूर्ण बहुजन समाज पार्टी उमाशंकर सिंह के शोकाकुल परिवार तथा दबे-कुचले समाज के साथ मजबूती से खड़ी है।
सभा में उपस्थित वक्ताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय उमाशंकर सिंह की सबसे बड़ी पहचान उनकी पार्टी और सिद्धांतों के प्रति वफादारी रही। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं से उनके जीवन से ईमानदारी, निरंतर संघर्ष और संगठन के प्रति निस्वार्थ सेवा सीखने की अपील की गई। उपस्थित लोगों ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने और उनकी सामाजिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान बसपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से
डॉ. अरुण प्रजापति, अंकुश राव (जोन प्रभारी), एडवोकेट लालचंद (जोन प्रभारी), विनोद कुमार, राजेंद्र भारती, संदीप कुमार प्रकाश,धीरज,रामधनी,संतोष,सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण और पार्टी समर्थक मौजूद रहे।
ओबरा पूर्व विधायक स्वर्गीय उमाशंकर सिंह की याद में भावभीनी श्रद्धांजलि सभा आयोजित जनसेवा और संघर्षों को किया गया याद
Related Posts
Add A Comment

