दुद्धी/सोनभद्र। अजयन्त सिंह। सोनभद्र जिले के सीमांत विधानसभा क्षेत्र दुद्धी में जर्जर और खस्ताहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। मुडिसेमर गांव स्थित हरिजन बस्ती और कुशवाहा बस्ती से लेकर झारखंड सीमा तक जाने वाली लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। सड़क की उपेक्षा और जनप्रतिनिधियों की बेरुखी से नाराज ग्रामीणों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए रोड नहीं तो वोट नहीं के जोरदार नारे लगाए और जल्द से जल्द पक्की सड़क निर्माण की मांग की।स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस महत्वपूर्ण सड़क की बीते दस वर्षों से कोई सुध नहीं ली गई है और न ही कोई मरम्मत कार्य कराया गया है। वर्तमान में स्थिति यह है कि पूरी सड़क पर गहरे-गहरे गड्ढे बन चुके हैं। बरसात के दिनों में इन गड्ढों में तीन से चार फीट तक पानी भर जाता है, जिससे यह मार्ग जलमग्न होकर तालाब का रूप ले लेता है। आवागमन पूरी तरह जोखिम भरा हो गया है और आए दिन दोपहिया वाहन चालक व राहगीर गिरकर चुटैल हो रहे हैं। स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों के लिए इस रास्ते से गुजरना किसी आफत से कम नहीं है। सड़क की दुर्दशा से क्षुब्ध दर्जनों ग्रामीणों ने एडवोकेट रमेश चंद्र के नेतृत्व में सड़क पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान से लेकर जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों तक कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन आज तक किसी ने सुध नहीं ली। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह गांव पारंपरिक रूप से भाजपा का मजबूत वोट बैंक रहा है, इसके बावजूद यहाँ के लोगों की सुनवाई करने वाला कोई नेता या अधिकारी नहीं है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो वे उग्र आंदोलन और आगामी चुनावों के बहिष्कार के लिए बाध्य होंगे। उल्लेखनीय है कि दुद्धी विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति इस समय काफी संवेदनशील है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय सिंह गौड़ ने यहाँ से जीत दर्ज की थी। इससे पूर्व 2017 में भाजपा-अपना दल (एस) गठबंधन के हरिराम चेरो विधायक चुने गए थे। विजय सिंह गौड़ के असमय निधन के पश्चात मौजूदा समय में दुद्धी विधानसभा सीट रिक्त चल रही है। उप-चुनाव की आहट के बीच ग्रामीणों द्वारा उठाया गया रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा क्षेत्रीय विकास की पोल खोल रहा है और राजनीतिक दलों व संभावित प्रत्याशियों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
दुद्धी बदहाल सड़क को लेकर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा लगाया रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा
Related Posts
Add A Comment

