देवकली (गाजीपुर)। स्वतंत्रता दिवस से पहले मंगलवार को देवकली क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। भारतीय जनता पार्टी देवकली मंडल की ओर से निकाली गई तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से भर दिया।
मंडल अध्यक्ष अखिलेश कुशवाहा के संयोजन में ब्रह्म स्थल देवकली परिसर से शुरू हुई यात्रा का नेतृत्व जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने किया। बाइक पर सवार कार्यकर्ता तिरंगा लेकर विभिन्न मार्गों से आगे बढ़े। यात्रा ब्लाक मुख्यालय, माऊपारा, मुस्लिमपुर, पहाड़पुर और बासूचक होते हुए धनईपुर पहुंची। रास्ते में स्थानीय लोगों ने यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
धनईपुर में पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने अमर शहीद संजय यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शहीद की पत्नी राधिका देवी, पुत्र गौरव यादव और भाई अजय यादव समेत उपस्थित लोगों ने भी पुष्प अर्पित किए।
जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और वीरता का प्रतीक है। स्वतंत्रता की रक्षा के लिए वीर सपूतों ने जो बलिदान दिया, उसे देश कभी नहीं भूल सकता। तिरंगा यात्रा नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराने के साथ ही नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना मजबूत करने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम राष्ट्र की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखते हुए देश के विकास में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अभय प्रकाश सिंह, जिला उपाध्यक्ष दयाशंकर पांडेय, नरेंद्र कुमार मौर्य, तेरसू यादव, दिलीप गुप्ता, पुनवासी राम, ललिता कुशवाहा, श्रीकांत सिंह, मुजीबुर्रहमान, गुरुप्रसाद गुप्ता, सतेंद्र कुमार सिंह, प्रवीण त्रिपाठी और राजेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
तिरंगे के रंग में रंगा देवकली, शहीद संजय यादव को नमन कर निकली भाजपा की यात्रा
Related Posts
Add A Comment

