मांची/सोनभद्र अजीत प्रताप सिंह। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं गैर-कानूनी बिक्री के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा द्वारा चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत थाना मांची पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के कुशल पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक मांची के कुशल नेतृत्व में संपादित की गई। थाना मांची पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार (11 अगस्त 2026) को पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग अभियान में तैनात थी। इसी दौरान मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि अवैध शराब की एक बड़ी खेप बोलेरो वाहन से ले जाई जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम मझुई के पास नाकेबंदी की। संदिग्ध बोलेरो वाहन के पहुंचते ही उसे चारों तरफ से घेरकर रोक लिया गया। वाहन की गहन तलाशी लेने पर उसके भीतर छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांड की 25 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मौके से 14 वर्षीय एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
अवैध शराब 25 पेटी अंग्रेजी शराब (कुल 182.70 लीटर / 830 बोतल व पाउच)
अनुमानित कीमत लगभग ₹1,94,430/-
जब्त वाहन: 01 अदद बोलेरो (पंजीकरण संख्या – BR-1AP-8259) बरामदगी के आधार पर थाना मांची में मु0अ0सं0-50/2026, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसके साथ ही, बोलेरो वाहन के वैध कागजात प्रस्तुत न किए जाने पर वाहन को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के अंतर्गत सीज कर दिया गया है।सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतरराज्यीय व स्थानीय स्तर पर शराब व मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
मांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई बोलेरो से ₹1.94 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, 01 बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में
Related Posts
Add A Comment

