सोनभद्र। अजीत प्रताप सिंह। पवित्र सावन माह में प्रसिद्ध सिद्धपीठ शिवद्वार मंदिर दर्शन-पूजन एवं जलाभिषेक के लिए आने वाले कांवड़ यात्रियों व श्रद्धालुओं की अपार भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ के स्पष्ट निर्देश पर सभी संबंधित कार्यदायी संस्थाओं व विभागों द्वारा कांवड़ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र में समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। कांवड़ियों के पैदल व वाहन आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए घोरावल मार्ग से शिवद्वार मंदिर तक जाने वाली मुख्य सड़क का कायाकल्प किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क के गड्डों को भरने, गिट्टी डालने तथा समतलीकरण व लेपन का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, जिससे नंगे पांव जल लेकर आने वाले कांवड़ यात्रियों को राह में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला पंचायत राज विभाग तथा नगर पंचायत घोरावल की संयुक्त टीमों द्वारा शिवद्वार मंदिर परिसर, परिक्रमा मार्ग तथा मेला क्षेत्र में सघन सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सफाई कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाकर नियमित सफाई, डस्टबिन की उपलब्धता और कूड़ा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। नगर पंचायत द्वारा मेला क्षेत्र में कांवड़ यात्रियों के लिए पूछताछ काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहाँ से पेयजल, विश्राम स्थल और मार्ग संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि सावन मास में शिवद्वार धाम आने वाले हजारों-लाखों कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा सुगम दर्शन-पूजन की व्यवस्था करना जिला प्रशासन का प्रमुख ध्येय है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि सम्पूर्ण मेला अवधि के दौरान सभी व्यवस्थाओं पर पैनी नजर रखी जाए और श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने की व्यापक व्यवस्थाएं घोरावल-शिवद्वार मार्ग का सुंदरीकरण व मरम्मत कार्य जारी
Related Posts
Add A Comment

