सोनभद्र । देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुँचाने तथा आम जनमानस को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व गौरव से जोड़ने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत सोनभद्र पुलिस द्वारा एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। शुक्रवार को पुलिस लाइन चुर्क से अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज दिखाकर तिरंगा यात्रा को हरी झण्डी देकर रवाना किया। तिरंगा यात्रा पुलिस लाइन चुर्क से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों—सपा तिराहा, उरमौरा, बढ़ौली चौराहा (रॉबर्ट्सगंज) होते हुए पुन पुलिस लाइन चुर्क पहुंचकर गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुई। यात्रा के दौरान महिला व पुरुष पुलिसकर्मी हाथों में तिरंगा थामे भारत माता के जयघोष लगाते हुए आगे बढ़े। मुख्य मार्गों से गुजरती पुलिस बल की इस रैली का स्थानीय नगरवासियों एवं व्यापारियों ने स्थान-स्थान पर पुष्प वर्षा कर और हाथों में ध्वज लहराकर ज़ोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार ने आमजन को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुभकामनाएं देते हुए कहा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम, अखंडता और राष्ट्रीय एकता के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने का माध्यम है। हम सभी सोनभद्र वासियों से अपील करते हैं कि अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं। इस भव्य आयोजन के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी कार्यालय भुवनेश्वर सिंह एवं प्रतिसार निरीक्षक मो0 नदीम सहित जनपद के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मुस्तैद रहे। तिरंगा यात्रा के दौरान सोनभद्र पुलिस की यातायात टीम द्वारा शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह से सुचारू रखा गया, जिससे आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण व अनुशासित ढंग से संपन्न हो सके।


